
दूनी अस्पताल में स्क्राबर ड्रायर मशीन आने से सफाई का कार्य होगा आसान
बंथली. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दूनी के सफाई कर्मियों को अब हाथों में लम्बे-लम्बे झाडू लेकर साफ-सफाई नहीं करनी पड़ेगी। विभाग ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में साफ-सफाई करने को लेकर लाखों की लागत की स्क्राबर ड्रायर मशीन उपलब्ध कराई हैं। मशीन आने के बाद सफाईकर्मियों का सुबह-शाम सफाई करने का कार्य आसान हो गया।
चिकित्साप्रभारी डॉ. सुनीलकुमार शर्मा ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर की ओर से 3 अप्रेल को स्वास्थ्य केन्द्र को मशीन उपलब्ध कराई गई थी।
इसके बाद सफाईकर्मी सुबह-शाम व दोपहर को जनरल एवं महिला वार्ड सहित लैबर रूम, एक्सरे कक्ष, लेब, चिकित्सक कक्षों की मशीन से सफाई कर रहे हैं।
मशीन में विशेष तकनीक के कारण परिसर में सफाई व पोछा साथ लगाया जा सकता हैं। उन्होंने बताया मशीन आने के बाद साफ-सफाई से मरीजों व चिकित्साकर्मियों को राहत मिली हैं।
सोनोग्राफी के अभाव में प्रसूताएं होती है परेशान
मालपुरा . सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मुख्यमंत्री नि:शुल्क जांच योजना के तहत जहां रक्त, ईसीजी व अन्य जांच के लिए तो सरकार की ओर से मशीनें उपलब्ध करवा दी गई है, लेकिन सोनोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण मशीन के अभाव के चलते अस्पताल में उपचार करवाने आने वाली प्रसूताओं को मजबूरन निजी सेंटरों पर मनमाने दामों पर सोनोग्राफी करवानी पड़ती है।
राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री नि:शुल्क जांच योजना के तहत विभिन्न प्रकार की जांच मरीजों के लिए नि:शुल्क की जा रही है, जिसके अन्तर्गत मालपुरा सामुदायिक अस्पताल में आई रक्त की जांच के लिए सीबीसी मशीन से खून की सभी प्रकार की जांचे होने लगी है, वहीं एमीऑटो एनलाइजर मशीन से शूगर, यूरिया, कालेस्ट्रॉल सहित कई जांचे एवं एक्स-रे आदि की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है, लेकिन अस्पताल में प्रसूताओं के लिए सबसे अत्यधिक काम आने वाली सोनोग्राफी मशीन नहीं होने से प्रसूताओं को निजी सेंटरों पर मनमाने दामों पर सोनोग्राफी करवानी पड़ रही है।
अस्पताल प्रभारी डॉ. अमित सक्सैना के अनुसार अस्पताल में प्रतिदिन 36 प्रकार की जांचों के लिए लगभग 125 से 150 तक मरीजों की जांच की जाती है। अस्पताल में निश्चेतन चिकित्सक व नेत्ररोग विशेषज्ञ का पद रिक्त चल रहा है।
Published on:
07 Apr 2019 02:46 pm
