
टोंक. प्रदेश के सरकारी कार्यालय बिजली के लिए विद्युत वितरण निगम पर निर्भर नहीं रहेंगे। इसके लिए सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों में ऑन ग्रिड सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया शुरू की है।
टोंक. प्रदेश के सरकारी कार्यालय बिजली के लिए विद्युत वितरण निगम पर निर्भर नहीं रहेंगे। इसके लिए सरकार ने सभी सरकारी कार्यालयों में ऑन ग्रिड सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत गत वर्ष राजकीय महाविद्यालय उनियारा में ये सोलर सिस्टम लगाया जा चुका है।
अब इसी के तहत टोंक के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 25 किलो वाट का ऑन ग्रिड सोलर सिस्टम लगेगा। इससे उत्पादित होने वाली बिजली ग्रिड से निगम को भेजी जाएगी।
निगम पहले की ही भांति राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को बिजली आपूर्ति करेगा, लेकिन बिल भेजी गई यूनिट से अधिक उपभोग होने पर भेजा जाएगा। वहीं निगम को भेजी गई यूनिट से कम खपत होने पर शेष यूनिट का भुगतान कॉलेज को किया जाएगा।
13 लाख है लागत
राज्य सरकार के उपक्रम राजस्थान इलेक्ट्रोनिक एण्ड इंस्टयूमेंट लिमिटेड की ओर से ये सोलर सिस्टम 13 लाख रुपए की लागत से लगाया जा रहा है। यह सिस्टम प्रति दिन 100 यूनिट बिजली का उत्पादन करेगा। सम्बन्धित कम्पनी की ओर से इसकी 5 साल तक की गारंटी रहेगी।
वैसे यह सिस्टम उच्च क्वालिटी के होने के चलते 25 साल तक सर्विस देंगे। इसके बाद प्रति दिन की यूनिट 80 से लगातार कम होती जाएगी। सोलर सिस्टम लगने के बाद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय इन सोलर सिस्टम का बीमा भी कराएगा, ताकि आपदा में राहत मिल सके। उनियारा राजकीय महाविद्यालय में ये सिस्टम महज 20 किलो वॉट का है।
धीरे-धीरे होगी सभी में कवायद
सोलर सिस्टम सभी विभागों के भवनों में लगाए जाएंगे। इसके निर्देश राज्य सरकार ने जारी किए हैं। इसके तहत शुरुआत में महाविद्यालयों में ये सिस्टम लगाए जा रहे हैं।
बिल की मुसीबत होगी खत्म
हर बार राजकीय महाविद्यालयों के लिए बड़ी मुसीबत बिजली का बिल जमा कराने की होती है। हर महीने 30 हजार रुपए का बिल विद्युत वितरण निगम को जमा कराना होता है।
राशि की कागजी खानापूर्ति में फाइलें चलाने पड़ती हंै, लेकिन अब सोलर सिस्टम लगने से इस राशि में काफी कमी आएगी। प्रतिदिन की 100 यूनिट बच जाएगी।
निगम को भी मिलेगी राहत
सभी विभागों में ऑन ग्रिड सोलर सिस्टम लगने के बाद जयपुर विद्युत वितरण निगम को भी बिजली की कमी से नहीं जूझना पड़ेगा। मसलन जिला मुख्यालय के 50 सरकारी विभागों के भवनों में भी ये सिस्टम लग गए तो निगम को प्रतिदिन 5 हजार यूनिट बिजली मिल जाएगी। ऐसे में निगम को बिजली की कमी से नहीं जूझना पड़ेगा।
सिस्टम लगेगा
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 25 किलो वाट का ऑन ग्रिड सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। ये सिस्टम सभी सरकारी भवनों में लगेंगे। इसके आदेश राज्य सरकार ने जारी किए हैं। इससे बिजली का उत्पादन होगा और बिजली की कमी से नहीं जूझना पड़ेगा।
के. एल. गुर्जर, नोडल प्रभारी, ऑन ग्रिड सोलर सिस्टम टोंक
Published on:
03 Sept 2018 07:59 am
