टोंक. शहर से आधा दर्जन पदयात्रा संघ की ओर से सोमवार को पदयात्राएं रामदेवरा जैसलमेर के लिए रवाना हुई। पदयात्राओं पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। वहीं पदयात्रियों के लिए दर्जनों स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए गए। इसके अलावा समाजसेवियों ने पदयात्रियों को फलाहार समेत अन्य नाश्ते तथा जलपान कराया।
पदयात्री बाबाराम देव के जयकारे लगाते चल रहे थे। जयकारों से शहर गुंजायमान हो गया। वहीं पदयात्राओं के चलते शहर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। पदयात्रा समिति के सदस्य अशोक महावर ने बताया कि बाबा रामदेव की 34वीं पदयात्रा शहर के विभिन्न स्थानों से रवाना हुई।
ये पदयात्रा शहर के रामकृष्ण मंदिर, संघपुरा, चिड़ी की बाड़ी, दीवानजी का कुआं तथा धन्नातलाई से रवाना हुई। इसके अलावा कई मोहल्लों से भी समाज की पदयात्राएं रवाना हुई, जो विभिन्न मंदिरों में दर्शन करने के बाद घंटाघर पर आकर एक हो गई।
इसके बाद ये पदयात्राएं डिग्गी कल्याण के लिए रवाना हो गई। पदयात्री डिग्गी कल्याण के दर्शन के बाद आगे के लिए रवाना होंगे। इधर, पदयात्रा पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सुनील बंसल की ओर से पुष्पवर्षा की गई।
इधर, घंटाघर पर धरने पर बैठे वाल्मीकि समाज ने रामदेवरा जा रहे पदायात्रियों को फलाहार कराया। समाज के लोगों ने बताया कि आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान राजेश चेण्डवाल, गुलाब मीणा, पे्रम राजोरिया, पूरण, भारत, रामप्रसाद, चौथमल आदि शामिल थे। इसी प्रकार ककराज कलां कीरों की ढाणी से डिग्गी कल्याण के लिए पदयात्रा मंगलवार को रवाना होगी।
आरती के बाद हुए रवाना
कोली समाज के पदयात्री पहले हनुमान मंदिर पहुंचे। जहां विधायक अजीत मेहता ने आरती कर पदयात्रियों को रवाना किया। इस दौरान जयनारायण वर्मा, पार्षद पंकज महावर, रामावतार धाभाई, विक्रम, सुभाष, हेमंत बुंदेल, जगदीश, मुन्ना आदि मौजूद थे।