
'अनुपमा' के सेट पर लगी भीषण आग (फोटो सोर्स: रुपाली गांगुली इंस्टाग्राम)
Film City Fire Incident: सोमवार सुबह मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब मशहूर टीवी शो 'अनुपमा' के सेट (Anupama Set Fire Incident) पर अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने सेट से धुआं उठता देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी।
मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां तुरंत पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं लगी। सेट पर मौजूद सभी कलाकारों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फायर ब्रिगेड की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने की वजह का खुलासा अभी नहीं हो पाया है, लेकिन बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
बता दें कि 'अनुपमा' के फिल्म सिटी में दो अलग-अलग सेट हैं, एक फिल्म सिटी ऑफिस के पास और दूसरा सलमान खान के 'बिग बॉस' सेट के सामने। यह आग उस सेट पर लगी है जो ऑफिस के पास बना हुआ है। वहीं इसके नजदीक ही अमर उपाध्याय के शो 'डोरी' का सेट भी है, लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
यह पहली बार नहीं है जब किसी सेट या फिल्म सिटी में आग लगी हो। 10 मार्च 2023 को भी स्टार प्लस के एक और लोकप्रिय सीरियल 'गुम है किसी के प्यार में' के सेट पर आग लग गई थी, जिसमें पूरा सेट जलकर राख हो गया था।
स्टार प्लस का टीवी शो 'अनुपमा' भारत के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शोज में से एक है। इस शो में रुपाली गांगुली मुख्य किरदार अनुपमा का रोल निभा रही हैं, जो दर्शकों को बहुत पसंद आ रहा है। टीआरपी चार्ट में 'अनुपमा' अक्सर पहले नंबर पर बना रहता है।
यह सीरियल करीब 5 साल पहले शुरू हुआ था और तब से लेकर अब तक राजन शाही का यह शो हमेशा टॉप 5 में बना रहा है। मजबूत कहानी और दर्शकों की दिलचस्पी की वजह से 'अनुपमा' ने टीवी की दुनिया में अपनी एक खास पहचान बना ली है।
Updated on:
23 Jun 2025, 2:03 PM IST
Published on:
23 Jun 2025, 2:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.