
मौनी रॉय का हुआ तलाक (Photo Source- Actress Instagram)
Mouni Roy Suraj Nambiar Divorce Confirm: मनोरंजन जगत से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने फैंस का दिल तोड़ दिया है। अपनी अदाकारी और खूबसूरती से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस मौनी रॉय को लेकर पिछले कुछ दिनों से जो तलाक की खबरें आ रही थीं आखिरकार उन्होंने उस पर मुहर लगा दी है। जी हां! मौनी रॉय ने अपनी शादी टूटने और तलाक को कंफर्म कर दिया है कि उनकी और सूरज की राहें अब हमेशा के लिए जुदा हो गई हैं। ऐसे में उनके पति सूरज जो काफी समय से सोशल मीडिया से गायब थे उन्होंने वापसी कर ली है और अपने अकाउंट में बड़ा बदलाव भी किया है।
मौनी रॉय ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने और सूरज ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। एक्ट्रेस ने बेहद भावुक होते हुए कहा, "हम यह कहना चाहते हैं कि हमने आपसी समझ के साथ अलग होने का निर्णय लिया है। यह हमारे लिए एक मुश्किल वक्त है और हम इसे शांति और निजी तौर पर संभाल रहे हैं।" इसके साथ ही उन्होंने फैंस और मीडिया से इस कठिन समय में उनकी प्राइवेसी का सम्मान करने की गुजारिश की और किसी भी तरह की झूठी खबरें न फैलाई जाएं ये भी कहा।
तलाक के ऐलान के बीच एक और चीज ने सबका ध्यान खींचा, वह है सूरज नांबियार का सोशल मीडिया व्यवहार। जब अलगाव की खबरें आईं और यूजर्स सूरज पर धोखेबाजी जैसे गंभीर आरोप लगाने लगे थे, तो उन्होंने निगेटिविटी से बचने के लिए अपना अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया था। अब सूरज इंस्टाग्राम पर वापस तो लौट आए हैं, लेकिन उन्होंने मौनी संग अपनी शादी की तमाम तस्वीरें डिलीट कर दी हैं। सूरज के प्रोफाइल से शादी की यादें पूरी तरह मिट चुकी हैं, वहीं, मौनी के अकाउंट पर अभी भी पुरानी तस्वीरें मौजूद हैं।
मौनी और सूरज की पहली मुलाकात साल 2019 में दुबई में एक न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार परवान चढ़ा। करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद जनवरी 2022 में गोवा में बड़े धूमधाम से कपल ने शादी की थी। यह शादी बंगाली और मलयाली दोनों रीति-रिवाजों से हुई थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं।
बता दें कि सूरज नांबियार दुबई बेस्ड बिजनेसमैन और इन्वेस्टमेंट बैंकर हैं। शादी के बाद दोनों ने मिलकर कई बिजनेस वेंचर्स भी शुरू किए थे, जिसमें मुंबई का मशहूर रेस्टोरेंट 'बदमाश' और एक एड-टेक प्लेटफॉर्म शामिल है। लेकिन अफसोस, प्रोफेशनल तालमेल के बावजूद उनकी निजी जिंदगी का तालमेल बिगड़ गया। फिलहाल मौनी रॉय अपने काम पर फोकस कर रही हैं, लेकिन उनकी शादी का इस तरह अंत होना उनके चाहने वालों के लिए किसी झटके से कम नहीं है।
Updated on:
15 May 2026 06:50 am
Published on:
15 May 2026 06:39 am
बड़ी खबरें
View AllTV न्यूज
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
