
symbolic photo
वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि अक्षय तृतीया या आखा तीज के नाम से जानी जाती है। इस बार आखातीज 6 शुभ योग में आ रही है। इसमें त्रिपुष्कर, सौभाग्य, सर्वार्थ सिद्धि, अमृत सिद्धि, रवि, आयुष्मान योग का संयोग बन रहा है। वहीं, यह दिन विवाह का अबूझ मुहूर्त होता है। लेकिन, इस वर्ष गुरु अस्त होने के कारण अप्रेल माह में एक भी विवाह का मुहूर्त नहीं है, जबकि अक्षय तृतीया पर पूरे साल में सबसे अधिक शादियां होती हैं, जिनकी शादियों के मुहूर्त नहीं निकलते हैं वे लोग अक्षय तृतीया पर विवाह करते हैं, लेकिन इस बार गुरु अस्त के चलते इस महा मुहूर्त पर भी शादियों के योग नहीं हैं। हालांकि अबूझ मुहूर्त होने के कारण कई लोग इस दिन शादियां करेंगे। साथ ही कुछ समाजों के सामूहिक विवाह भी होंगे।
गुरु 29 अप्रेल तक रहेंगे अस्त
पं. जितेंद्र त्रिवेदी जोनी के अनुसार इस समय खरमास चल रहा है, इसके साथ ही गुरु भी अस्त हो गए हैं। गुरु 29 अप्रेल तक अस्त रहेंगे, इसके कारण अप्रेल माह में खरमास समाप्त होने के बाद भी शादियों पर विराम लगा रहेगा। दरअसल, शादी-विवाह के लिए गुरु व शुक्र का उदित होना जरूरी है। दोनों में से एक भी अस्त होने पर विवाह नहीं होते हैं। अक्षय तृतीया पर गुरु अस्त रहेंगे, लेकिन यह स्वयं सिद्ध मुहूर्त माना जाता है, इसलिए कई लोग इस मुहूर्त में शादियां करेंगे। इसके बाद शादियों का सिलसिला मई से प्रारंभ होगा। मई में कुल 16 दिन और जून में 16 दिन विवाह के मुहूर्त रहेंगे। इसी प्रकार जुलाई में देवशयनी एकादशी से फिर विवाह कार्यों पर लंबा विराम लग जाएगा। पं. त्रिवेदी ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन परशुराम जयंती भी मनाई जाती है।
खरीदारी के भी शुभ योग
इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा के साथ-साथ जप-तप, दान-पुण्य और खरीदारी का बहुत महत्व बताया गया है। माना जाता है कि इस दिन सोने-चांदी के जेवर की खरीदारी करने से मां लक्ष्मी के आशीर्वाद से सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है। वहीं इसके अलावा राशि अनुसार भी अन्य धातुओं की चीजें खरीदना शुभ माना गया है।
मेष राशि: ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक मेष राशि का स्वामी मंगल है। इसलिए इस राशि के लोगों को अक्षय तृतीया के दिन सोने अथवा तांबे की चीजें खरीदनी चाहिएं।
वृष राशि: इस राशि का स्वामी ग्रह शुक्र है। इसलिए वृष राशि के लोगों के लिए इस दिन चांदी के बर्तन या सिक्के खरीदना शुभ माना गया है।
मिथुन राशि: मिथुन राशि का स्वामी ग्रह बुध होता है। इसलिए आपको इस दिन कांसे का सामना खरीदना चाहिए।
कर्क राशि: कर्क राशि वालों पर चंद्र देव का प्रभाव होता है। ऐसे में अक्षय तृतीया पर खरीदारी के लिए चांदी धातु की कोई चीज खरीदना शुभ रहेगी।
सिंह राशि: ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के राजा सूर्य ग्रह को सिंह राशि का स्वामी ग्रह माना गया है। अतः सिंह राशि के लोग इस दिन तांबे का लोटा या तांबे की कोई अन्य चीज खरीद सकते हैं।
कन्या राशि: कन्या राशि वाले बुध ग्रह के प्रभाव के कारण इस दिन कांसे धातु की चीजें खरीदें।
तुला राशि: इस राशि वालों पर शुक्र ग्रह की प्रधानता होती है। इसलिए तुला राशि वालों को अक्षय तृतीया के दिन चांदी की कोई वस्तु खरीदनी चाहिए।
वृश्चिक राशि: ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक वृश्चिक राशि का स्वामी ग्रह मंगल होता है, इसलिए आप तांबे की कोई वस्तु अक्षय तृतीया पर खरीदें।
धनु राशि: इस राशि के स्वामी ग्रह बृहस्पति देव हैं। इसलिए अक्षय तृतीया पर आप पीतल या सोने की कोई वस्तु खरीद सकते हैं।
मकर राशि: मकर राशि के लोगों के लिए इस दिन स्टील या लोहे का सामान खरीदना शुभ माना गया है। साथ ही बता दें कि मकर राशि के स्वामी शनि देव हैं।
कुंभ राशि: कुंभ राशि पर भी शनि देव का प्रभाव होता है। इसलिए इस दिन कुंभ राशि के जातक कांस्य धातु की कोई वस्तु खरीद सकते हैं।
मीन राशि: मीन राशि के लोगों के लिए स्वामी ग्रह गुरु के कारण पीतल की चीजें खरीदना शुभ रहेगा।
अक्षय तृतीया तिथि - 22 अप्रेल को सुबह 07:49 बजे से प्रारंभ और 23 अप्रेल को सुबह 07:47 बजे तक मान्य रहेगी
पूजा व खरीदारी मुहूर्त -
पूजा का शुभ मुहूर्त : 22 अप्रेल को सुबह 07.49 से दोपहर 12.20 मिनट तक पूजा मुहूर्त है।
खरीदारी मुहूर्त : अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना शुभ माना जाता है इस दिन सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त सुबह 7 बजकर 49 मिनट से लेकर अगले दिन 23 अप्रेल को सुबह 7 बजकर 47 मिनट तक है।
-अक्षय तृतीया पर बने हैं 6 शुभ योग
त्रिपुष्कर योग: 22 अप्रेल, सुबह 05 बजकर 49 मिनट से सुबह 07 बजकर 49 मिनट तक
आयुष्मान योग: प्रात:काल से सुबह 09 बजकर 26 मिनट तक
सौभाग्य योग: प्रात: 09:36 बजे से पूरी रात
रवि योग: रात 11:24 बजे से 23 अप्रैल को सुबह 05:48 बजे तक
सर्वार्थ सिद्धि योग: रात 11 बजकर 24 मिनट से अगली सुबह 05 बजकर 48 मिनट तक
अमृत सिद्धि योग: रात 11:24 बजे से अगले दिन सुबह 05:48 बजे तक
Updated on:
09 Apr 2023 02:27 pm
Published on:
09 Apr 2023 02:15 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
