10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोबाइल पर बार-बार आ रहे विज्ञापनों से सावधान, हो सकती है ठगी

यूजर्स को किया आगाह, संदिग्ध ऐप से आते हैं विज्ञापन, आसान टिप्स से रोकें उदयपुर. स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले अधिकांश लोग मोबाइल स्क्रीन पर बार-बार आने वाले विज्ञापनों से परेशान रहते हैं। इंटरनेट चलाते समय अचानक खुलने वाले पॉप-अप या मोबाइल अनलॉक करते ही दिखने वाले विज्ञापन न सिर्फ काम में बाधा बनते हैं, बल्कि […]

2 min read
Google source verification
इंटरनेट चलाते समय अचानक खुलने वाले पॉप-अप या मोबाइल अनलॉक करते ही दिखने वाले विज्ञापन न सिर्फ काम में बाधा बनते हैं, बल्कि कई बार साइबर सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं।

source patrika photo

यूजर्स को किया आगाह, संदिग्ध ऐप से आते हैं विज्ञापन, आसान टिप्स से रोकें

उदयपुर. स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले अधिकांश लोग मोबाइल स्क्रीन पर बार-बार आने वाले विज्ञापनों से परेशान रहते हैं। इंटरनेट चलाते समय अचानक खुलने वाले पॉप-अप या मोबाइल अनलॉक करते ही दिखने वाले विज्ञापन न सिर्फ काम में बाधा बनते हैं, बल्कि कई बार साइबर सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकते हैं। पुलिस ने मोबाइल यूजर्स को अलर्ट करने के लिए सुरक्षा कदम उठाने की सलाह दी है। कुछ सरल सेटिंग और सावधानियां अपनाकर अवांछित विज्ञापनों को काफी हद तक रोका जा सकता है।

बदलें अपने ब्राउजर की सेटिंगमोबाइल में आने वाले अधिकांश विज्ञापन इंटरनेट ब्राउजर, वेबसाइट नोटिफिकेशन या संदिग्ध मोबाइल एप्लिकेशन के कारण दिखते हैं। सबसे पहले यूजर को ब्राउजर की सेटिंग जांचनी चाहिए। यदि क्रोम ब्राउजर का उपयोग करते हैं तो उसकी सेटिंग में जाकर पॉप-अप और रीडायरेक्ट को बंद किया जा सकता है। इसके लिए क्रोम खोलकर ऊपर दिए गए तीन डॉट पर क्लिक करें, फिर सेटिंग और उसमें साइट सेटिंग में जाकर पॉप-अप और रीडायरेक्ट विकल्प को बंद कर दें। इसके साथ ही एड्स विकल्प को ब्लॉक करने से भी अनावश्यक विज्ञापन कम हो जाते हैं।

इन बातों पर ध्यान देना जरूरी

- कई बार देखने में आता है कि हाल ही में डाउनलोड किए गए मोबाइल ऐप भी विज्ञापन दिखाने लगते हैं। ऐसे में मोबाइल की सेटिंग खोलें, उसमें ऐप्स और उसमें इंस्टॉल्ड ऐप्स में जाकर संदिग्ध ऐप को पहचान कर हटाना चाहिए।

- गूगल की विज्ञापन पर्सनलाइजेशन सुविधा भी मोबाइल पर लक्षित विज्ञापन दिखाती है। यूजर मोबाइल की सेटिंग में जाएं, गूगल में एड्स विकल्प में विज्ञापन पहचान (एडवरटाइजिंग आईडी) को हटाकर इस सुविधा को बंद कर सकते हैं।

- कुछ वेबसाइट नोटिफिकेशन के जरिए भी विज्ञापन भेजती है। इसके लिए क्रोम की नोटिफिकेशन सेटिंग में जाकर अनजान वेबसाइट की अनुमति बंद करें। ऐसे मामलों में मोबाइल में एडवेयर होने की संभावना होती है, जिसे तुरंत हटाना जरूरी है।

---

इन तरीकों से कम होंगे मोबाइल एड

- क्रोम ब्राउजर में पॉप-अप और एड्स ब्लॉक करें

- संदिग्ध या अनावश्यक ऐप तुरंत हटाएं

- गूगल एड्स पर्सनलाइजेशन बंद करें

- वेबसाइट नोटिफिकेशन की अनुमति सीमित रखें

- जरूरत पड़ने पर एड-ब्लॉकर ऐप का उपयोग करें

कब समझें मोबाइल में समस्या ज्यादा है

- मोबाइल खोलते ही स्क्रीन पर विज्ञापन दिखें

- बिना इंटरनेट के भी एड दिखने लग जाए

- अचानक नए ऐप अपने-आप इंस्टॉल हो जाएं

- बार-बार अजीब वेबसाइट खुलने लगे

- मोबाइल हैंग होकर अटकने लगे

मोबाइल यूजर को केवल भरोसेमंद प्लेटफॉर्म से ही ऐप डाउनलोड करने चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध ऐप इंस्टॉल करने से फोन में एडवेयर/स्पैमवेयर आ सकता है, जो लगातार विज्ञापन दिखाता है और कई बार निजी डाटा की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। ज्यादातर केस में ऐसा देखने में आया है। आमजन को अलर्ट रहने की जरुरत है।

विनय कुमार चौधरी, डिप्टी, साइबर विंग उदयपुर