
Udaipur Elevated Road: फोटो पत्रिका
Udaipur Elevated Road : उदयपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए सिटी रेलवे स्टेशन से कलक्टर बंगले तक बन रही एलिवेटेड रोड का काम तेजी से जारी है। इन दिनों उदियापोल क्षेत्र में नदी पेटे की भूमि पर पिलरों के फाउंडेशन बनाने का कार्य किया जा रहा है। यहां विशेष तकनीक से फाउंडेशन तैयार किए जा रहे हैं, इससे प्रत्येक पिलर के निर्माण में करीब 15 दिन का समय लग रहा है।
सर्वे के अनुसार उदियापोल क्षेत्र में पहले नदी बहती थी, इसलिए यहां की जमीन की स्थिति को देखते हुए विशेष मशीनों से 12 से 15 मीटर गहराई तक खुदाई कर चार पाइल फाउंडेशन तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद मुख्य फाउंडेशन बनाकर उस पर पिलर खड़ा किया जाएगा। इस क्षेत्र में 17 से 26 नंबर तक कुल 10 पिलर बनाए जाने हैं, जिनमें से पांच पिलरों का पाइल फाउंडेशन तैयार हो चुका है।
सिटी रेलवे स्टेशन से कलक्टर बंगले तक एलिवेटेड रोड की लंबाई 2.75 किलोमीटर होगी। कोर्ट चौराहा से एमबी हॉस्पिटल तक 400 मीटर लंबी एक भुजा भी बनेगी। इस परियोजना में कुल 117 पिलर बनाए जाने हैं, इनमें से 50 का काम पूरा हो चुका है।
रेलवे स्टेशन की ओर शुरुआती दो स्पान छोड़कर स्लैब कास्टिंग का काम भी जारी है। अब तक छह स्पान पर करीब 150 मीटर की स्लैब कास्टिंग पूरी हो चुकी है।
इतिहासकार डॉ. श्रीकृष्ण जुगनू के अनुसार उदयपुर बसने से पहले दूधतलाई और उदियापोल क्षेत्र से हियारमा नदी बहती थी, इसे वर्तमान में सिसारमा कहा जाता है। पिछोला झील बनने के बाद यह नदी लुप्त हो गई, लेकिन जमीन के नीचे इसके सुराग आज भी मौजूद हैं।
लागत: 136.89 करोड़ रुपए
कुल लंबाई: 3.15 किमी (एमबी हॉस्पिटल भुजा सहित)
कुल पिलर: 117, जिनमें से 50 तैयार
परियोजना पूर्ण होने की संभावना: 2027 की पहली तिमाही
Updated on:
10 Mar 2026 03:59 pm
Published on:
10 Mar 2026 03:59 pm
