
चुनाव से पहले भाजपा के मावली मंडल अध्यक्ष को हटाया
उदयपुर. भारतीय जनता पार्टी ने मावली विधानसभा में चुनाव से पहले मावली मंडल अध्यक्ष नंदलाल खटवड़ को हटा दिया और उनकी जगह पर रानी जाट को जिम्मेदारी दी है। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष गुणवंत सिंह झाला ने संभाग संगठन प्रभारी हरिहर पारीक की स्वीकृति से खटवड़ को पदमुक्त कर दिया है। मावली के प्रभारी वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि रानी जाट को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि संगठन की बैठकों को लेकर मंडल अध्यक्ष की ओर से जिलाध्यक्ष व मावली के प्रभारी के साथ संवाद नहीं बनाने की शिकायतें रणकपुर मंथन के दौरान भी सीएम के समक्ष रखी थी।
वंदना ने धरियावद से भी रखी दावेदारी
इधर पूर्व विधायक वंदना मीणा ने भी धरियावद विधानसभा से दावेदारी की है, उन्होंने मंगलवार को देहात भाजपा अध्यक्ष गुणवंत सिंह झाला के समक्ष दावेदारी रखी, वैसे वंदना ने उदयपुर ग्रामीण से भी दावेदारी कर रखी है। देहात अध्यक्ष झाला ने उदयपुर शहर से अपनी दावेदारी बूथ महासम्पर्क अभियान राजस्थान के प्रभारी सीपी जोशी के समक्ष भी रखी। इधर, वल्लभनगर विधानसभा से कानोड़ नगर पालिका उपाध्यक्ष दर्शन शर्मा ने तो उदयपुर शहर से संकल्प सिद्धि अभियान के देहात जिला प्रभारी प्रदीप श्रीमाली ने दावेदारी की है।
Published on:
23 Oct 2018 10:30 pm
