प्रमोद सोनी
उदयपुर . पूजन दो गणगौर भंवर म्हाने पूजन दो गणगौर…, छोटी गणगौर के मेले के दूसरे दिन गुरुवार को खासी रौनक रही। अष्टमी पर गणगौर की प्रतिमाएं ले जाने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। इस परम्परागत मेले से महिलाएं ईसर-पार्वती व कानूडे़ की मिट्टी से बनी प्रतिमाएं घर ले जाती है और गणगौर तक पूजन करती हैं।
मोती चौहट्टा क्षेत्र में भरे इस मेले में महिलाएं शाम को समूह में पहुंची। ईसर-पार्वती की प्रतिमाएं खरीद कर उनका नए-नए वस्त्र और आभूषण से शृंगार किया गया। बाद में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नैवेद्य अर्पित किए और लोकगीत गाते प्रतिमाओं को घर तक ले गई। महिलाएं छोटी गणगौर की प्रतिमाओं को थाली व छाब में सिर पर रखकर गीत गाते हुए ले गई, तो कई महिलाएं स्कूटर पर तो कोई कार में बिठाकर ले गई। प्रतिमाएं ले जाने के बाद घर पर एवं मंदिर में प्रतिमाओं के समक्ष महिलाओं ने घूमर नृत्य किया। जो महिलाएं बुधवार को सप्तमी पर्व पर प्रतिमाएं खरीद कर ले गई, वे बाग-बगीचों से सेवरा सजाकर गीत गाते हुए घर पहुंची व गणगौर प्रतिमाओं की पूजा की।