
udaipur city
मुकेश हिंगड़ / उदयपुर. कोरोना संक्रमण के केस की संख्या में बढ़ोतरी से 22 दिन पहले उदयपुर शहर को कंटेंटमेंट जोन में शामिल कर लिया गया था और अब शुक्रवार को जिला प्रशासन ने इस जोन से शहर को बाहर निकाला है। बड़ी बात यह है कि शहर के दो थाना घंटाघर व सूरजपोल तो कंटेंटमेंट जोन में ही रहेंगे। इसका सीधा असर यह होगा कि शहर के जो मुख्य बाजार है वे अब भी बंदिशों में रहेंगे। इसके अलावा बाहर के बाजारों में प्रशासन की पूर्व में दी गई छूट सशर्त लागू होगी और शनिवार को बाहरी क्षेत्र के बाजार सशर्त खुल गए। साथ के साथ शहर के फतहसागर की पाल व उद्यानों में भी रौनक लौटी लेकिन नजारा बदला हुआ था, सबके चेहरों पर मास्क थे, लोगों ने सोशल डिस्टेंस की पालना की। इसके अलावा नए आदेश के तहत भी पूरे शहर में शाम 7 बजे बाद आवाजाही पर पूर्णत: रोक रहेगी। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में सूरजपोल व घंटाघर को छोड़ कर नगर निगम सीमा में आने वाले बाकी सभी पुलिस थाना क्षेत्रों में कंटेंटमेंट एरिया हटा दिया है। जिला कलक्टर आनंदी ने बताया कि दोनों थाना क्षेत्रों (सूरजपोल व घंटाघर थाना) में कंटेंटमेंट एरिया 6 जून तक यथावत रहेगा। समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय किया गया कि सूरजपोल व घंटाघर को छोडकऱ शेष अन्य थाना क्षेत्र में कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के मामले अधिक नहीं पाए जाने एवं पूर्व में आए व्यक्तियों की रिपोर्ट नेगेटिव आ जाने से इनको कंटेंटमेंट एरिया से हटाया गया है। सूरजपोल व घंटाघर थाने को कंटेंटमेंट जोन में रखने से शहर के जो मुख्य बाजार है वे इन्हीं थाना क्षेत्रों में आते है ऐसे में वे नहीं खुल सकेंगे। इसमें सूरजपोल, बापूबाजार, अस्थल मंदिर रोड, झीणीरेत चौक, अमल का कांटा, सिंधी बाजार, उदयापोल, घंटाघर, घंटाघर, बड़ा बाजार, जगदीश चौक, भट्टियानी चोहट्टा आदि इलाकों के बाजार नहीं खुल सकेंगे। कलक्टर आनंदी ने बताया कि कंटेंटमेंट एरिया में कफ्र्यू एरिया को छोडकऱ बाकी जगह आवश्यक सेवाएं यथा मेडिकल दुकान, दूध व किराणा दुकानें खुल सकेगी, वहां लोग अपनी आवश्यक जरूरतों के लिए दुकानों पर आवागमन कर सकेंगे।
कंटेंटमेंट से बाहर हुए इलाकों में यह छूट होगी
सूरजपोल व घंटाघर थाना क्षेत्र के अलावा पूरी नगर निगम सीमा में अब दुकानें खोली जा सकेंगी। इनमें हेयर कटिंग, सेलून एवं ब्यूटी पार्लर शामिल है तो रेस्टोरेंट, भोजनालय, मिठाई की दुकान टेक अवे व होम डिलीवरी के लिए खुल सकेंगे। स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स, स्टेडियम, गोल्फ कोर्स, पोलो ग्राउण्ड खुल सकेंगे। क्लब हाउस व समान सुविधाऐं नहीं खुलेगी एवं दर्शकों को अनुमत नहीं होगी। कलक्टर ने बताया कि कुछ प्रतिबंधों के आधार पर समस्त दुकानें खोली जा सकेगी। इसमें दुकानों पर बिना मास्क वाले ग्राहक को सामान नहीं दिया जाएगा और सोशल डिस्टेंसिंग की पालना जरूरी होगी। दुकानों पर भीड़भाड़ नहीं हो। मॉल्स में स्थित दुकानें इसमें शामिल नहीं होगी। इसके अलावा सायं 7 बजे से प्रात: 7 बजे तक सभी गैर आवश्यक गतिविधियों के लिए व्यक्तियों के आवागमन पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। कॉलेज, स्कूल, कोचिंग सेंटर, होटल, गेस्ट हाऊस, सिनेमा हॉल, मॉल, शॉपिंग मॉल, व्यायामशालाएं बंद रहेगा तो धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम नहीं होंगे।
अब तक ऐसे हुए कंटेंटमेंट जोन के फैसले
- 8 मई : जिला प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र को छोडकऱ पूरे नगर निगम सीमा यानि शहर को कंटेंटमेंट जोन घोषित किया
- 22 मई : नगर निगम सीमा के चार थाना क्षेत्र सविना, प्रतापनगर, गोवर्धनविलास व सुखेर को कंटेंटमेंट जोन से बाहर निकाल दिया
- 22 मई : चार थानों के अलावा बाकी क्षेत्र में कंटेंटमेंट जोन की अवधि 29 मई तक बढ़ा दी
- 29 मई : सूरजपोल व घंटाघर को छोडकऱ पूरे शहर को कंटेंटमेंट जोन से बाहर निकाला
- 29 मई : सूरजपोल व घंटाघर में कंटेंटमेंट जोन की अवधि 6 जून तक लागू रहेगी।
कंटेंटमेंट वाले घंटाघर-सूरजपोल में ये पांबदियां रहेगी
- सुबह 7 से शाम 7 बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी
- दुपहिया वाहन भी नहीं चलेंगे
- किराना, दवा,फल, सब्जी, दूध के अलावा बाकी सब बंद रहेगा
- ऑटो रिक्शा, टैक्सी, कैब बंद रहेंगे
- सामान्य रूप से घर से बाहर नहीं निकल सकते
- पासधारी की आवाजाही हो सकेगी
सूरजपोल व धानमंडी में कई जगह 12 जून तक रहेगा कफ्र्यू
जिला कलक्टर आनंदी ने नगर निगम क्षेत्र में जारी कफ्र्यू के आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए कुछ क्षेत्रों में कफ्र्यू हटाते हुए अन्य प्रभावित क्षेत्रों में अवधि 12 जून तक बढ़ाई है। अतिरिक्त कलक्टर (शहर) संजय कुमार ने बताया कि पुलिस थाना क्षेत्र घंटाघर अन्तर्गत हेलावाडी, कांजी का हाटा (गली नं. 2), रावजी का हाटा, कानोड की हवेली, छोटा कुम्हारवाड़ा, पीपलेश्वर महादेव गली, गायत्री मार्ग, पुलिस थाना क्षेत्र सूरजपोल अन्तर्गत कांजी का हाटा गली नं. 1, नाईयों की तलाई, खेरादीवाड़ा, नायकवाड़ी, कुम्हारवाडा, जोगीवाडा, कोलीवाडा, नाडाखाडा, मुखर्जी चौक (सब्जी मंडी) भटनागरों का मोहल्ला में कफ्र्यू रहेगा। इसी प्रकार पुलिस थाना क्षेत्र धानमण्डी अंतर्गत माहेश्वरियों की सेहरी (रामनारायण अग्रवाल परिवार) धीम्बर भोईवाड़ा, होली चौक, मंडी नाल, तीज का चौक (सब्जी मंडी) क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की है।
आज से फतहसागर पाल पर व पार्कों में टहल सकेंगे
यूआईटी सचिव अरुण कुमार हासिजा ने बताया कि रविवार से फतहसागर पाल, राजीव गांधी उद्यान, संजय गांधी उद्यान में आमजनों के टहलने, व्यायाम करने के लिए खोला जाएगा लेकिन सशर्त व तय समय के अंदर ही। उन्होंने बताया कि वहां प्रतिदिन सुबह 7 से 10 एवं शाम से 6.30 बजे तक ही खोला जाएगा। आने वालों को मास्क लगाने के साथ ही सोशल डिस्टेंस की पालना करनी होगी। प्रशासन ने यही समय कंटेंटमेंट जोन के अलावा के पार्कोँ के लिए भी तय किया है।
मुंबइया बाजार नहीं खुलेगा
हासिजा ने बताया कि फतहसागर स्थित मुंबइया बाजार नहीं खुलेगा लेकिन पाल पर आने वालों के वाहनों की पार्किँग स्वरूपसागर पाल के पास और फतहसागर की पाल के दोनों छोर पर वाहनों की पार्किंग की जा सकेगी। फतहसागर पाल व सर्किट हाउस रोड यानि फतहसागर ओवरफ्लो से काला किवाड़ तक वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।
Updated on:
30 May 2020 05:35 pm
Published on:
30 May 2020 05:30 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
