
शक्ति, सद्बुद्धि और परस्पर समन्वय के प्रयोजन से महिला बंदियों ने शुरू किए गरबे
राकेश शर्मा राजदीप/उदयपुर. शहर के केंद्रीय कारागार की महिला बंदियों को नवरात्र के खास महत्व को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब वसुधा और सूर्यांश क्लब सदस्याओं के साझे में बुधवार को देवी आराधना के प्रयोजन से गरबा कराया गया।
क्लब परामर्शदात्री मधु सरीन ने बताया कि पूर्व से ही जेल प्रशासन के सहयोग से इन सभी को समय का सदुपयोग करने और आत्मनिर्भर बनाए जाने की दिशा में कागज और कपड़े की थैलियां बनाने के साथ-साथ साक्षर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नवरात्र के पहले दिन पहले दिन घट स्थापना के साथ ही इन बंदियों ने आरती करके पारम्परिक गरबे रमे।
गौरतलब है कि क्लब सदस्याओं की देखरेख में शक्ति, सद्बुद्धि और परस्पर समन्वय बनाए रखने के लिए गरबा आयोजन प्रतिदिन नवमी तक जारी रहेगा। इस विशेष अवसर पर संध्या भट्ट, मीना माण्डोत, सुमन पोरवाल, विजया मेहता, दीपाली चौहान, गरिमा बोर्दिया, कनकलता जैन, दीप्ति जैन सहित दोनों क्लब की अनेक सदस्याओं सहित मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.उर्मिला जैन भी मौजूद रहीं, जिन्होंने गरबे के लिए अपनी ओर से म्यूजिक सिस्टम भेंट किया।
इसी तरह, बंदियों की ओर से सपना, कमला और दीपमाला ने कार्यक्रम संयोजन में विशेष भूमिका निभाई। वहीं, जेल अधीक्षक सुरेन्द्रसिंह शेखावत सहित वीना मीणा का सहयोग भी मिला।
Updated on:
11 Oct 2018 02:29 pm
Published on:
11 Oct 2018 06:00 am
