
फोटो पत्रिका
उदयपुर। हिरणमगरी थाना क्षेत्र के प्रभात नगर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी, इसके बाद खुद ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मौके से मिले सुसाइड नोट में युवक ने आर्थिक रूप से परेशान होना बताया है। हंसता खेलता परिवार पलभर में तबाह हो गया।
पुलिस ने बताया कि आंबाफला हाल प्रभातनगर सेक्टर-5 निवासी दिलीप चितारा (40) पुत्र टीकमचंद, उसकी पत्नी अलका (37), बेटा खुश (6) मनवीर (4) की मौत हो गई। दिलीप, पत्नी और दो बच्चों के साथ प्रभातनगर स्थित मकान में किराए से रहता था। उसने पहले बच्चों को विषाक्त पदार्थ पिलाया, पत्नी का गला घोंटा और फिर खुद ने फंदा लगा लिया। सूचना पर हिरणमगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। देखा कि दिलीप चितारा का शव फंदे पर लटक रहा था, वहीं पत्नी और बच्चों के शव पड़े हुए थे। चारों शव मुर्दाघर में रखवाते हुए परिजनों को सूचना दी।
दिलीप ने सुसाइड नोट में लिखा कि आर्थिक हालात बेहद खराब है। कोरोना के बाद से आर्थिक स्थिति बहुत खराब होती चली गई। इसलिए वह यह कदम उठा रहा है। पुलिस ने बताया कि दिलीप का हिरणमगरी में ही जनरल स्टोर है। यह दुकान भी किराए की है।
शुक्रवार को दिनभर किरायेदार दिलीप के पॉर्शन में हलचल नहीं हुई। कोई बाहर भी नहीं निकला तो पहली मंजिल पर रह रहे मकान मालिक रवि सचदेव को संदेह हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर खामोशी ही रही। ऐसे में उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मृतक के चाचा माणक चितारा ने बताया कि करीब 6 माह पहले दिलीप ने कर्ज का जिक्र किया था। ऐसे में उसे मकान बेचकर कर्ज उतारने की सलाह दी। इसके बाद कभी चर्चा नहीं की। पिछले दिनों चाचा दिलीप से मिले, लेकिन उसने कर्ज का जिक्र नहीं किया।
Updated on:
25 Jul 2025, 9:04 PM IST
Published on:
25 Jul 2025, 6:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.