
झुंझुनूं सदर थाना पुलिस जांच करती हुई। फोटो पत्रिका
झुंझुनूं। सदर थाना क्षेत्र में अणगासर मार्ग पर पुल के पास एक सैलून संचालक ने आत्महत्या कर ली। उसने पांच पेज के सुसाइड नोट में ब्लैकमेलिंग और रेप केस की धमकी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। उसने सुसाइड नोट में युवती, उसकी मां, भाई और एक पुलिसकर्मी का नाम लिखा है।
सदर थानाधिकारी मांगीलाल ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे सूचना मिली कि अणगासर मार्ग पर ब्रिज के पास एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंचकर जांच की तो वह मर चुका था। मृतक की पहचान यूनुस खां (49) निवासी फरीद की ढाणी, भारू के रूप में हुई। कपड़ों की तलाशी लेने पर 5 पेज का सुसाइड नोट मिला है।
यूनुस (मृतक) के बेटे नूरा अली ने बताया कि एक युवती उसके पिता को बार-बार ब्लैकमेल कर रही थी, बदनाम करने की धमकी दे रही थी और झूठे मुकदमों में फंसाने की बात कर रही थी। कुछ दिन पहले उसने उन पर बलात्कार का आरोप भी लगाया था। नूरा ने बताया, पिता ने सुसाइड नोट में लिखा है कि युवती और उसकी मां को समझाने के लिए बुलाया था। लेकिन युवती, उसकी मां और भाई ने समझौते के एवज में 15 लाख रुपए की मांग की।
सैलून संचालक ने सुसाइड नोट में सिपाही अजय भालोठिया पर भी आरोप लगाए हैं। उसने लिखा-युवती पुलिसकर्मी की मदद से उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी। पुलिसवाला युवती की मदद कर रहा था। इधर बेटे ने एक एएसआई पर भी पिता को परेशान करने का आरोप लगाया है।
सुसाइड नोट में लिखा, इन लोगों ने मुझे ब्लैकमेल किया, बदनाम करने की धमकी दी और कोतवाली में झूठे केस में फंसा रहे थे। मेरे पास आत्महत्या के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। आगे लिखा कि सलीम अब पूरे परिवार को साथ लेकर चलना है। उसने परिजनों से माफी भी मांगी है। साथ ही लिखा कि उसने बलात्कार नहीं किया।
परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर मैं गया था। वहां पर एक चाकू भी मिला है। शव परिजनों को सौंप दिया है। सिपाही अजय भालोठिया व युसूफ अली का भी नाम है, लेकिन उनकी इस मामले में क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जाएगी।
मांगीलाल, थानाधिकारी, सदर
Updated on:
22 Jul 2025, 4:30 PM IST
Published on:
22 Jul 2025, 4:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.