
उदयपुर. नई पीढ़ी की भाषा अब केवल शब्दों तक सीमित नहीं रही। मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देने वाले स्लैंग, इमोजी, मीम्स और सांकेतिक इशारे युवाओं की अभिव्यक्ति का नया माध्यम बन चुके हैं। जेन ज़ी पीढ़ी सोशल मीडिया के जरिये संवाद का ऐसा नया व्याकरण विकसित कर रही है, जिसमें भाषणों की जगह कुछ शब्द, मीम या इशारा ही पूरी बात कह देता है। विशेषज्ञों के अनुसार इंस्टाग्राम, यूट्यूबशॉर्ट्स और अन्य डिजिटल मंचों ने संवाद की गति और शैली दोनों बदल दी हैं। अब किसी विषय पर राय व्यक्त करने के लिए लंबी पोस्ट की आवश्यकता नहीं होती। कुछ सेकंड की रील, एक वायरल मीम या दो शब्दों का स्लैंग लाखों लोगों तक संदेश पहुंचाने में सक्षम है।
डिजिटल दुनिया ने बनाया नया शब्दकोश
सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच कई ऐसे शब्द तेजी से लोकप्रिय हुए हैं, जो सामान्य शब्दकोश में भले न मिलें, लेकिन डिजिटल दुनिया में इनके अर्थ सभी समझते हैं।
स्लैंग सरल अर्थ
नो कैप बिल्कुल सच, बिना बढ़ा-चढ़ाकर
रिज प्रभावशाली व्यक्तित्व या आकर्षण
स्ले किसी काम को शानदार तरीके से करना
सिग्मा आत्मनिर्भर और अपनी सोच पर चलने वाला व्यक्ति
डेलुलु वास्तविकता से दूर कल्पना में रहना
ग्लो अप किसी व्यक्ति या कार्य में सकारात्मक बदलाव
घोस्टिंग बिना जवाब दिए अचानक संपर्क समाप्त कर देना
बिना बोले भी बहुत कुछ कह रहे इशारे
केवल शब्द ही नहीं, हाथों के इशारे और चेहरे के भाव भी डिजिटल संवाद का हिस्सा बन चुके हैं।
फिंगर हार्ट – सहयोग, अपनापन और सकारात्मक संदेश।
शेफ्स किस – किसी विचार या प्रस्तुति की उत्कृष्टता दर्शाना।
साइड आई – किसी दावे पर संदेह या व्यंग्य व्यक्त करना।
जॉ लाइन जेस्चर – आत्मविश्वास और अलग पहचान का संकेत।
ये संकेत सोशल मीडिया वीडियो से निकलकर अब युवाओं की रोजमर्रा की बातचीत तक पहुंच चुके हैं।
संवाद का बदलता तरीका
डिजिटल मंचों ने संवाद को पहले से कहीं अधिक तेज बना दिया है। किसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया अब घंटों या दिनों में नहीं, बल्कि कुछ मिनटों में लाखों लोगों तक पहुंच जाती है। छोटे वीडियो, हैशटैग और मीम्स के जरिये युवा अपनी बात प्रभावी ढंग से रखते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में एआइ, इमोजी और विजुअल कंटेंट इस बदलाव को और तेज करेंगे।
ये भी जानें
रील्स और शॉर्ट वीडियो ने संवाद शैली बदली।
स्लैंग और इमोजी रोजमर्रा की बातचीत का हिस्सा बने।
मीम्स अब केवल मनोरंजन नहीं, अभिव्यक्ति का माध्यम भी हैं।
छोटे संदेश और विजुअल कंटेंट तेजी से लोगों तक पहुंचते हैं।
हर पीढ़ी अपनी अलग भाषा विकसित करती है। पहले पत्र, फिर एसएमएस, उसके बाद चैट और अब स्लैंग, मीम्स व इमोजी का दौर है। औपचारिक लेखन और प्रशासनिक संवाद में पारंपरिक भाषा का महत्व बना रहेगा, जबकि डिजिटल मंचों पर संक्षिप्त और दृश्य आधारित अभिव्यक्ति का उपयोग बढ़ेगा।
- डॉ. संगीता बेनीवाल, भाषा विशेषज्ञ
Updated on:
26 Jul 2026 05:47 pm
Published on:
26 Jul 2026 05:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
