
महाराणा प्रताप
मुकेश हिंगड़, जितेन्द्र पालीवाल / उदयपुर. महाराणा प्रताप की प्रतिमा राजधानी जयपुर के विधानसभा भवन में स्थापित होने की मांग तेज हुई है। मेवाड़ एक सुर में बोला कि इस कार्य में पहले ही बहुत देर हो चुकी है और बिना समय गंवाएं प्रताप की प्रतिमा विधानसभा में लगाई जाए। विधानसभा के स्पीकर भी मेवाड़ से ही आते है ऐसे में इस कार्य को सभी राजनीतिक दल मिलकर सबसे पहले हाथ में लेकर पूरा करें और देश-दुनिया तक मेवाड़ को गौरवान्वित करने वाले हमारे गौरव व स्वाभिमानी महाराणा प्रताप के दर्शन विधानसभा में हो। इस संदर्थ में चित्तौडगढ़़ के सांसद सीपी जोशी ने तो मुख्यमंत्री को पत्र तक भेज दिया। प्रताप की प्रतिमा की स्थापना को लेकर यहां प्रस्तुत है कुछ प्रमुख लोगों की प्रतिक्रियाएं।
उनके दर्शन से श्रेष्ठ सेवा कार्य करने का मार्गदर्शन मिलता
प्रताप की भव्य मूर्ति जयपुर विधानसभा परिसर में लगनी, इसके लिए मैने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा है। प्रताप हम सबके प्रेरणा स्रोत है, उनके जीवन से पूरे विश्व में आज भी सब प्रेरणा लेकर अपनी मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने को तैयार रहते है। उनके जीवनी का वाचन करने और प्रतिमूर्ति के दर्शन से जीवन में श्रेष्ठ सेवा कार्य करने का मार्गदर्शन मिलता है। संसद परिसर के समान ही जयपुर विधानसभा परिसर में भी यह मूर्ति स्थापित होनी चाहिए।
- सीपी जोशी, सांसद चित्तौडगढ़़
बिना देरी व बिना भेदभाव जल्दी लगे प्रतिमा
बहुत देर हो गई जबकि जब यह नया भवन बना तब ही प्रताप की प्रतिमा लगनी चाहिए थी। मेवाड़ से कई जनप्रतिनिधि सरकार में अच्छे पद पर रहे। विधानसभा स्पीकर हमारे यहां से शांतिलाल चपलोत रहे और आज नाथद्वारा से डा. सीपी जोशी है। बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के यह काम हो जाना चाहिए था। प्रताप की प्रतिमा संसद में लग जाए और हमारे प्रदेश की विधानसभा में लगाने के लिए संघर्ष करना पड़े यह चिंता का विषय है। इस पर तत्काल सरकार को प्रतिमा लगाने की घोषणा करने के साथ ही कार्य शुरू करना चाहिए।
- तनवीर सिंह कृष्णावत, संस्थापक सकल राजपूत महासभा व महामंत्री मेवाड़ क्षत्रिय महासभा संभाग
प्रतिमा अवश्य जल्दी लगनी चाहिए
महाराणा प्रताप के प्रति सम्मान देशभर ही नहीं, बल्कि भारतीय इतिहास का ज्ञान रखने वाले विदेशी लोगों के मन में भी है। करोड़ों लोग उनका आदर और नमन करते हैं। सर्व समाज, सर्वधर्म और संप्रदाय मेवाड़ के वीर प्रताप के सिद्धांतों के अनुयायी हैं। ऐसे महापुरुष की राजस्थान विधानसभा में प्रतिमा अवश्य व जल्दी लगनी चाहिए।
- तख्तसिंह सोलंकी, अध्यक्ष जौहर स्मृति संस्थान, चित्तौडगढ़़
स्पीकर जोशी पहल करें
महाराणा प्रताप पूरे हिन्दुस्तान के प्रेरणापुंज हैं। गौरव की बात है कि उन्होंने मेवाड़ और राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया। संसद में उनकी प्रतिमा लगी है, फिर विधानसभा में तो लगनी ही चाहिए। यह सौभाग्य की बात होगी। जो भी नेता विधानसभा जाए, प्रताप को देखकर नमन करें और उन्हीं की तरह खुद को वास्तविक जननायक की तरह गढऩे का प्रण और प्रेरणा लें। चूंकि विधानसभा अध्यक्ष डा. सीपी जोशी स्वयं मेरे क्षेत्र से विधायक हैं तो उनसे यह पहल करने की अपेक्षा स्वाभाविक तौर पर अधिक है।
- संगीता चौहान, महिला इकाई संरक्षक, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, मेवाड़
Published on:
14 Jun 2021 11:30 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
