
बजरी माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा.. बजरी से भरे पकड़े 5 वाहन, शांति भंग के आरोप में 14 गिरफ्तार
उदयपुर. रात्रि गश्त के दौरान बुधवार रात प्रतापनगर थाना पुलिस ने जाबांजी दिखाते हुए बजरी के अवैध खेल में लिप्त 5 डंपर जब्त किए। वहीं पुलिस से उलझते एवं अवैध परिवहन के खेल में पेट्रोलिंग कर रहे 14 जनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया।
इससे पहले थानाधिकारी हनवंतसिंह राजपुरोहित ने मुखबिर की सूचना पर सविना चौराहे की तरफ आ रहे बजरी लदे वाहन को पकड़ कर सविना चौकी को सुपुर्द किया। इस बीच कुराबड़ की तरह से ट्रक एवं वाहनों से बजरी के अवैध परिवहन की सूचना पर सहायक उप निरीक्षक भगवान सिंह, चालक कान सिंह, हैड कानिस्टेबल लच्छीराम, कांस्टेबल एकमल कुमार, हरिकिशन साकरोदा पहुंचे। वहां डंपर चालक बेमला निवासी नारायणलाल मीणा, दूसरे ट्रक चालक कोट निवासी शिवलाल, तीसरे ट्रक चालक वानु निवासी गोवद्र्धनसिंह, ट्रैक्टर ट्रोली चालक कोट निवासी पेमाराम मीणा तथा ट्रैक्टर चालक कोट निवासी विक्रमसिंह ने पूछताछ पर बजरी को खरका नदी से उदयपुर ले जाना स्वीकार किया।
इनकी थी पेट्रोलिंग
कार्रवाई में सामने आया कि पुलिस एवं खनन विभाग की कार्रवाई से वाहनों को बचाने के लिए वाजनी निवासी खेमराज डांगी, फिला निवासी भैरूलाल, वानु निवासी विजयसिंह, कोट निवासी पूंजाराम, बेमला निवासी संतोष मीणा, शंकरलाल, कुराबड़ निवासी इमरान खान, गणेशलाल उनके निजी चौपहिया व दुपहिया वाहनों से बजरी ढो रहे वाहनों के आगे पेट्रोलिंग कर रहे थे। वाहनों के पकड़े जाने पर दुपहिया व चौपहिया सवार लोग आपस में आरोप लगाने लगे। पुलिस ने आरोपियों को मौके पर शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। वहीं दस्तावेज नहीं होने के कारण वाहन जब्त किए।
छोड़ भागा चौपहिया
पुलिस कार्रवाई के बीच एक वाहन चालक मौके पर चौपहिया वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने अवैध तौर पर हो रहे बजरी परिवहन को लेकर माइनिंग विभाग को सूचित किया। माइनिंग विभाग के अधिकारी जितेंद्रसिंह तंवर एवं एसपी शर्मा ने प्रकरण दर्ज कराया। मामले में अनुसंधान जारी है। पुलिस ने शांति भंग के गिरफ्तार आरोपियों को एडीएम सिटी के समक्ष पेश किया। वाहन चालकों एवं वाहन मालिकों को दर्ज प्रकरण में अलग से गिरफ्तार किया जाएगा।
Published on:
25 Oct 2018 01:39 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
