उदयपुर जिले के सराडा़ थाना क्षेत्र के निंबोदा गांव में एक महिला का शव कुएं में मिला। पीहर पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर सराडा़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। सीएचसी में दोनों पक्षों के बीच लंबी वार्तालाप व प्रशासन की ओर से घटना का शीघ्र खुलासा कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देने के बाद पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के अनुसार परिजनों ने दी रिपोर्ट में बताया कि सुगना की शादी 12 वर्ष पूर्व मोहनलाल से हुई थी। उसके दो लड़के और एक लड़की है। पति मोहनलाल उसके साथ मारपीट करता था। कुछ दिन पूर्व भी उसके साथ मारपीट की तो समाज जनों द्वारा समझा कर सुगना को ससुराल भेजा गया। एक मार्च शाम को फोन कर बताया कि सुगना घर पर नहीं है। वह समूह के पैसे जमा करवाने गई तो वहां वापस नहीं आई। थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई। शुक्रवार सुबह घर के नजदीक ही कुएं में उसका शव मिला। पीहर पक्ष ने आरोप लगाया कि सुगना की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किराना की दुकान में चोरी, खाद्य सामग्री व २० हजार नकदी ले गए
झाड़ोल उपखंड की पंचायत समिति फलासिया मुख्यालय पर शनिवार तड़के करीब तीन बजे अज्ञात चोरों ने एक किराने की दुकान को निशाना बनाया। अज्ञात चोर दुकान के शटर पर लगे ताले तोड़कर शटर को ऊंचा कर अंदर घुसे और खाद्य सामग्री व गल्ले में रखे २० हजार रुपए चुराकर ले गए। दुकान मालिक में पुलिस थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। फलासिया निवासी नरेंद्र गोदावत ने फलासिया पुलिस थाना में मामला दर्ज कर बताया की शनिवार तड़के करीब तीन बजे अज्ञात चोर किराने की दुकान के शटर पर लगे ताले तोड़कर शटर को ऊंचा कर अंदर घुसे और खाद्य सामग्री व गल्ले में रखे २० हजार रुपए चुराकर ले गए। इस दौरान ताला तोड़ने व शटर उखाड़ने का शोर सुनाई दिया। इस पर दुकान मालिक बाहर निकला तो देखा की दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर चोरी कर रहे चोर मौके से भाग निकले। किराणा व्यवसायी के दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद हो गई। इधर व्यापार संघ के अध्यक्ष सुंदरलाल सोनी, व्यापार मंडल के सदस्य एवं अन्य व्यापारियों ने फलासिया थानाधिकारी प्रभूलाल मीणा से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की तथा चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।