सुदेश भोसले नाइट में गूंजे सदाबहार नगमे, सुदेश व समीर अंजान को लाइफ टाइम अचीवमेन्ट अवार्ड
सृजन द स्पार्क संस्था की ओर से टाउनहॉल स्थित सुखाडिय़ा रंगमंच पर सुदेश भोंसले नाइट का आयोजन किया गया। सुदेश भोसले ने एक से बढ़कर एक गीत पेश किए। अमिताभ बच्चन की फिल्म का गीत आपका क्या होगा जनाबे आली..., प्यार दिवाना होता है, मस्ताना होता है..., तेरी गली से आता सनम... जैसे सदाबहार गीत गाए। कार्यक्रम में सुदेश व गीतकार समीर अंजान को लाइफ टाइम अचीवमेन्ट अवार्ड सहित 6 हस्तियों को सृजन कला प्रेरक अवार्ड-2022 से सम्मानित किया।
आयोजन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह का माहौल बना रहा। यह आयोजन पहले डीपीएस स्कूल मैदान में किया जाना तय था, लेकिन शनिवार को तेज बरसात के चलते आयोजन स्थल एनवक्त पर बदलना पड़ा। ऐसे में आयोजन टाउनहॉल के सुखाड़िया रंगमंच पर करना पड़ा। हालांकि यहां आयोजन को लेकर शहरवासियों की तादाद बढ़ गई। संगीत प्रेमियों ने आयोजन को सराहा। इस दौरान कई लोग परिवार सहित आयोजन में शामिल हुए।
इनका किया सम्मान
मुम्बई के मोहम्मद सलीम आरीफ को वीडी पोलुस्कर अवार्ड, हैदराबाद के रामावतार दयामा को ओंकारनाथ ठाकुर अवार्ड, अशोक बांठिया को नन्दलाल बोस अवार्ड, रेणु शर्मा को मास्टर मदन अवार्ड, प्रियंका जोधावत को खेमचंद प्रकाश् अवार्ड, कुंवर रणजीतसिंह चौहान को अमीर खुसरो अवार्ड से सम्मानित किया।
दिल ने कुछ कहा... पुस्तक का विमोचन
अवार्ड समारोह में प्रियंका जोधावत की दिल ने कुछ कहा... पुस्तक का विमोचन किया गया। संस्थापक आइजी प्रसन्न कुमार खमेसरा, उदयपुर आइजी प्रफुल्ल कुमार, एसपी विकास शर्मा, एएसपी चन्द्रशील ठाकुर, इन्दिरा आईवीएफ के डॉ. अजय मुर्डिया, पीएस तलेसरा, गोविन्द अग्रवाल, संस्था अध्यक्ष राजेश खमसेरा, अब्बास अली बन्दुकवाला, राजेन्द्र शर्मा, दिनेश कटारिया, श्याम एस. सिंघवी ने अवार्ड प्रदान किए।