
एजेंसी पर हंगामा करते ग्रामीण (फोटो-पत्रिका)
उदयपुर। गैस की किल्लत के बीच उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। मंगलवार को गोगुंदा कस्बे की भारत गैस एजेंसी पर ग्रामीणों ने सिलेंडरों में पानी मिलने और कम वजन होने का विरोध करते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों ने एजेंसी प्रबंधक के सामने ही सिलेंडर खोलकर पानी निकालकर दिखाया।
सबसे चौंकाने वाला मामला पड़ावली कला में सामने आया, जहां एक उपभोक्ता ने खाली सिलेंडर का वजन किया तो वह 22 किलो निकला, जबकि नियमानुसार खाली सिलेंडर का वजन 15–16 किलो होना चाहिए। जांच में पता चला कि सिलेंडर के भीतर करीब 7 किलो पानी भरा हुआ था। शिकायत के बाद रसद विभाग के आपूर्ति निरीक्षक अरविंद कुमार ने मौके पर पहुंचकर सिलेंडर जब्त किया।
केस 01: गोगुंदा निवासी मुकेश मेघवाल ने बताया कि उसने 14 मार्च को सालासर बालाजी भारत गैस एजेंसी से सिलेंडर लिया था। 23 मार्च को सिलेंडर खाली हो गया। हिलाने पर पानी की आवाज आने पर उसने पिन दबाया तो पानी निकलने लगा। शिकायत करने पर एजेंसी प्रबंधक ने दूसरा सिलेंडर दिया।
केस 02: पड़ावली निवासी उदयसिंह ने बताया कि खाली सिलेंडर का वजन करने पर 22 किलो निकला और रिफिल दबाने पर उसमें से पानी निकला।
ग्रामीणों का आरोप है कि गैस की किल्लत का फायदा उठाकर कर्मचारियों द्वारा सिलेंडरों में पानी भरकर गैस चोरी की जा रही है। उन्होंने रसद विभाग और प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और नियमित जांच की मांग की है।
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरे प्रदेश में गैस की कालाबाजारी करने और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा है कि अवैध गतविधियों में संलग्न लोगों को बख्शा नहीं जाए। साथ ही सीएम ने प्रदेश वासियों को आश्वासन दिया है कि प्रदेश में एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है।
'मामले की जानकारी मिली है, उचित कार्रवाई की जाएगी। जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।' –शुभम भैंसारे, उपखंड अधिकारी गोगुंदा।
'सिलेंडर से पानी निकलने की बात गंभीर है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।' –मनीष भटनागर, जिला रसद अधिकारी उदयपुर।
Updated on:
24 Mar 2026 10:33 pm
Published on:
25 Mar 2026 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
