
मदन मुनि Madan Muni
राजसमंद/उदयपुर. श्रमण संघीय मेवाड़ प्रवर्तक महाश्रमण मदन मुनि (90) के मंगलवार को अहमदाबाद के हॉस्पिटल में देवलोक गमन होने पर सम्पूर्ण मेवाड़ सहित देश में शोक की लहर दौड़ गई। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष देवीलाल हिंगड़ ने बताया कि मदन मुनि पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका पहले उदयपुरए फिर अहमदाबाद में उपचार कराया गया। सहवर्ती उपप्रवर्तक कोमल मुनि ने मंगलवार को 3.30 बजे संथारा के प्रत्याख्यान करवाए। इसके 5 घंटे 45 मिनट के संथारे पर 9.15 बजे उनका देवलोक गमन हो गया।
घोड़ाघाटी से महाप्रयाण डोलयात्रा आज
मदन मुनि की अंतिम महाप्रयाण यात्रा गुरुवार सुबह 9 बजे पूर्व निर्धारित स्थल नेशनल हाइवे 8 पर स्थित मदन पथिक विहार धाम घोड़ाघाटी से निकाली जाएगी। इसमें सुदूर प्रांतों के साथ मेवाड़ क्षेत्र के सैकड़ों श्रावक-श्राविकाओं के आने की संभावना है। इसके बाद 10 बजे अंतिम संस्कार से संबंधित चढ़ावे की बोलियां लगाई जाएंगी। तत्पश्चात 11.01 बजे मुखाग्नि लाभान्वित परिवारों द्वारा दी जाएगी।
उदयपुर में भी मुनि को याद किया
अम्बा गुरूशोध संस्थान उदयपुर के अध्यक्ष नरेश लोढ़ा व महामंत्री हिम्मत सिंह बड़ाला ने कहा कि मदन गुरू लाखों भक्तों के श्रद्धा के शिखर पुरुष थे। सरलता-सादगी निराभिमानता उनके सहजगुण थे। उनका व्यक्तित्व -कृतित्व बहुआयामी था। बड़ाला ने कहा कि मुनि ने शिक्षा-चिकित्सा-स्वाध्याय-संस्कार जागरण, साधना केन्द्र, पारमार्थिक अनेक संघ संस्थाओं की स्थापना में प्रबल प्रेरक की भूमिका का निर्वाहन किया। अखिल भारतीय जैन श्वेताम्बर सोश्यल ग्रुप उदयपुर जिलाध्यक्ष गौतम प्रकाश गांधी व अन्य सदस्यो ने भी मुनि को श्रद्वासुमन अर्पित किए।
पार्थिव देह को घोड़ाघाटी ले जाया गया
अहमदाबाद. मेवाड़ प्रवर्तक मदन मुनि के अहमदाबाद के स्टर्लिंग अस्पताल में मंगलवार रात संथारापूर्वक देवलोकगमन होने के बाद उनकी पार्थिव देह को बुधवार शाम को विशेष एंबुलेंस से घोड़ाघाटी ले जाया गया। इससे पहले, अस्पताल में श्रावकों की भीड़ जमा होने पर मदन मुनि की पार्थिव देह को अहमदाबाद के शाहीबाग क्षेत्र स्थित राजस्थान स्थानकवासी जैन संघ के उपाश्रय में लाया गया। वहां करीब एक घंटे तक रखने के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पार्थिव देह के दर्शन किए। संघ के अध्यक्ष किशनलाल कोठारी, मंत्री कन्हैयालाल कोठारी के अलावा शांतिलाल नाहर, हीरालाल खाब्या, शंभूलाल ललवानी, मुंबई के महावीर तातेड़, पारस बाफना, सूरत के प्रकाश सिंघवी, गजेंद्र चंडालिया, भंवरलाल परमार, सुरेश सूर्या के साथ मुनि को समर्पित मूलचंद नाहर, समरथलाल खाब्या, मुकेश रांका, नवरत्न चीपड़, कमलेश नाहर आदि मौजूद रहे। उपाश्रय से मदन मुनि की पार्थिव देह को बुधवार शाम करीब पांच बजे रवाना किया गया। इस दौरान श्रावकों को जैन धर्म और मुनि के नाम के जयकारे लगाते देखा गया।
Updated on:
08 Dec 2021 11:09 pm
Published on:
08 Dec 2021 11:07 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
