
उदयपुर . हर कोई मैदान मारने के लिए उत्साहित है। पूरे जोश और जज्बे के साथ मैदान में बाल खिलाड़ी प्रतिभा दिखा रहे हैं। उम्र भले ही छोटी है, लेकिन उत्साह और खेल बड़ों से कम नहीं है। पत्रिका इन एज्यूकेशन (पाई) और हिन्दुस्तान जिंक के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे स्कूल ओलम्पिक के चौथे दिन प्रतिभागियों में जैसे एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ मच गई। प्रतिभागी मैदान में पहुंचने के साथ ही प्रेक्टिस में जुट जाते तो जैसे ही प्रतियोगिताएं शुरू होती तो अपना पूरा जोर जीत के लिए लगा देते।
शुक्रवार को बीएन ग्राउण्ड पर सुबह 8 बजे से स्कूल ओलंपिक में अंडर-14 और अंडर-18 बॉयज एंड गल्र्स हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजन का खास आकर्षण रहीं। डॉ. कुलदीप सिंह झाला ने बताया कि इसमें अंडर-14 बॉयज मैचों में बीएन सीनियर सैकण्डरी स्कूल, बीएन पब्लिक स्कूल, विद्याभवन सीनियर सैकण्डरी स्कूल, विद्याभवन अंग्रेजी माध्यम स्कूल, राउमावि डाकन कोटड़ा, राउमावि धौल की पाटी तथा राउमावि ईसवाल के बीच मुकाबले हुए। अंडर-18 बॉयज में बीएन स्कूल, बीएन पब्लिक स्कूल, विद्याभवन स्कूल तथा राउमावि ईसवाल के बीच मुकाबले खेले गए। अंडर-14 गल्र्स मैचों में बीएन सीनियर सैकण्डरी स्कूल, विद्याभवन सीनियर सैकण्डरी स्कूल व विद्याभवन अंग्रेजी माध्यम स्कूल तथा अंडर-18 गल्र्स मैचों में विद्याभवन सीनियर सैकण्डरी स्कूल, बीएन सीनियर सैकण्डरी स्कूल और बीएन पब्लिक स्कूल अपने-अपने मैच खेले।
इनका कहना है..
स्कूल स्तर पर
इतने भव्य आयेजन की कभी कल्पना नहीं की थी। आज पत्रिका ओलम्पिक में प्रतिभागी बनकर गौरव महसूस हो रहा है। पत्रिका को बधाई।
महीप पालीवाल, सेंट्रल एकेडमी
राज्य स्तर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में निजी और सरकारी विद्यालयों की एक मंच पर भागीदारी एक सुखद अहसास है। गांव-ढाणियों के स्कूल संभवतया पहली बार इस तरह के मुकाबले खेल रहे हैं।
जगदीश डांगी, रामावि फतहपुरा, मावली
पत्रिका के इस आयोजन में खेल प्रतिभागियों के दमकते चेहरों पर मुस्कान इस खेल महाकुंभ की सार्थकता की परिणिती है। जिसके लिए सभी साधुवाद के पात्र हैं। ऐसे आयोजन प्रतिवर्ष होने चाहिए।
- डॉ. भूपेन्द्र सिंह चौहान, सचिव, जिला एथलेटिक्स संघ
Published on:
24 Nov 2017 06:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
