
उदयपुर।
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 (Rajasthan Assembly Election 2018) की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता और पार्टी प्रत्याशी गिरिजा व्यास का पर्सनल ईमेल हैक होने की खबर ने मंगलवार को दिनभर हड़कंप मचाये रखा। दरअसल, उनके ईमेल को हैक कर किसी ने चुनाव आयोग को एक पुलिस अफसर के खिलाफ शिकायत भेज डाली। बात आगे बढ़ी तो पता चला कि कांग्रेस नेत्री की ओर से ऐसी कोई शिकायत नहीं की गई है। खुद डॉ गिरिजा व्यास ने भी इस बात से इंकार किया कि उन्होंने कोई शिकायत आयोग को भेजी है।
ये है पूरा मामला
डॉ गिरिजा व्यास के ईमेल से किसी शख्स ने चुनाव आयोग को एएसपी पारस जैन की शिकायत कर निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए उनके तबादले की मांग कर डाली। शिकायत में बकायदा गुलाबचंद कटारिया से जैन द्वारा बातचीत का फोटो भी डाला गया।
शिकायत वायरल होने पर जब गिरिजा से पूछा गया तो उन्होंने एेसी शिकायत से स्पष्ट इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी मेल हैक कर किसी ने उनकी आईडी का दुरुपयोग किया है। इस शिकायत पर अब पुलिस टीम साइबर एक्सपर्ट की मदद से जांच में जुटी है।
गिरिजा की मेल आईडी से की गई शिकायत में लिखा कि एएसपी पारस जैन शहर में निष्पक्ष चुनाव के दौरान अपना कर्तव्य पालन नहीं कर रहे है। वे गृहमंत्री गुलाबचन्द कटारिया के अभिकर्ता की तरह कार्य कर रहे है जो चुनाव आचार संहिता का सीधा-सीधा उलघंन है।
--
मैने इस तरह का चुनाव आयोग को कोई मेल नहीं किया है। संभवत: मेरा मेल हैक कर किसी ने दुरुपयोग किया है।
गिरिजा व्यास,कांग्रेस प्रत्याशी
गिरिजा व्यास का फोन आया था कि उन्होंने किसी तरह का मेल नहीं किया है। पुलिस अभी इसकी जांच कर रही है। आखिर व्यास का मेल कैसे हैक हुआ इसका पता लगवा रहे हैं।
पारस जैन, एएसपी सिटी
Updated on:
29 Nov 2018, 11:24 AM IST
Published on:
28 Nov 2018, 9:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.