Vande Bharat Express train : उदयपुर में लग्जरी ट्रेन वंदे भारत को शुरू हुए साढ़े सात माह हो चुके हैं, लेकिन इसके यात्री भार में अब तक किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं हुई है। रेलवे की ओर से इस ट्रेन को लेकर कई बड़ी-बड़ी बातें की गई। सबसे बड़ी बात तेजी से गंतव्य तक पहुंचाने की थी, जो धरातल पर सही साबित नहीं हुई। ऐसे में लोगों का इस ट्रेन के प्रति मोह भंग हो रहा है। उदयपुर-जयपुर-उदयपुर वंदे भारत ट्रेन 24 सितंबर से शुरू हुई। इसके बाद से ही इस ट्रेन में 50 से 60 प्रतिशत यात्रीभार ही रहा। इस ट्रेन में किराया अधिक होने के साथ ही गतंव्य तक पहुंचने में समय अधिक लेने के चलते भी यात्री ट्रेन में सफर करने में रुचि नहीं दिखा रहे है।