
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 : भाजपा-कांग्रेस की निगाह और मेहनत हारे गए बूथों पर
मुकेश हिंगड़ /उदयपुर . पिछले विधानसभा चुनाव में जिन बूथों पर सर्वाधिक मतों के अंतर से प्रतिद्वंद्वी जीते, उनमें सेंधमारी के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने जोर लगाया है। विकास की बात हो या सीधे पहुंचने की बात हो, उन बूथों को संभालने के लिए पार्टी के नेता और जन प्रतिनिधियों ने अपनी पहुंच बनाई है। विधायक स्पष्ट कहते हैं कि उन्होंने कभी पक्षपात नहीं किया है, भले ही वे वहां से हारे लेकिन उन्होंने उस क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। जिले के आठों विधानसभा क्षेत्रों में जिन बूथों पर कांग्रेस बड़े अंतर से जीती, वहां भाजपा ने पूरा जोर लगाया है। यह अलग बात है कि कांग्रेस ने वहां अपनी पकड़ ढीली नहीं पडऩे दी है। इसके उलट पिछले चुनाव में जहां भाजपा बहुत ज्यादा वोटों से जीती है, वहां कांग्रेस ने जोर लगाया है।
--
कांग्रेस : हाथ में लिया गौरव बढ़ाने का काम
कांग्रेस ने मेरा बूथ मेरा गौरव अभियान के जरिए बूथ को मजबूत करने का कार्य किया। कांग्रेस ने उदयपुर संभाग, जिला एवं विधानसभा स्तर पर यह अभियान पूरा कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। बड़े नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब बूथ जीतने की गणित में हमें सफल होना है, नेताओं ने ‘एक वोट से हार’ को भी बूथ की मजबूती से जोड़ते हुए इसका महत्व बताया।
--
भाजपा : हर बूथ पर 21 सदस्यों की कार्यकारिणी
भाजपा ने सभी बूथों को लेकर अपनी व्यूहरचना पूरी कर ली है। भाजपा ने बूथ जीतने के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा, प्रशिक्षण भी दिया। भाजपा ने हर बूथ पर 21 सदस्यीय कार्यकारिणी तक बना दी है। अब भाजपा ‘पन्ना प्रमुख’ बनाने की तैयारी में है। इसी माह उदयपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह उदयपुर में तीन सम्मेलन कर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे।
--
मुझे चुनाव में जिस बूथ पर कम वोट मिले, उस पर हमने कोई भेदभाव नहीं किया, हमने पूरा विकास करवाया। विधायक बनने के बाद पार्टी नहीं जनता के लिए काम किया। बूथ पर हमारी तैयारी पूरी है।
- फूलसिंह मीणा, विधायक, उदयपुर ग्रामीण
--
हमने बूथ पर पूरा काम कर लिया है। आज चुनाव की तारीखें घोषित हो जाए तो भी भाजपा पूरी तरह तैयार है। हमारे पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने बूथ को लेकर पूरी ताकत व कार्य योजना के साथ रचना की है।
- चंचल कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष भाजपा श्यामाप्रसाद मुखर्जी मंडल
--
हमने सभी बूथों पर काम मेरा गौरव मेरा बूथ अभियान के तहत काम किया है। संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर मजबूती से काम कर रहे है।
- विवेक कटारा, कांग्रेस नेता
--
प्रदेश पदाधिकारियों ने जब उदयपुर में मेरा गौरव मेरा बूथ अभियान का आगाज किया, तब से ही पार्टी ने सक्रियता के साथ बूथ पर काम किया है। पार्टी पूरी तरह से तैयार है।
- पंकज कुमार शर्मा, कांग्रेस नेता
चुनावों के बाद वार्ड में हमारी स्थिति किसी ने नहीं देखी। जनता किस परेशानी में है, इस पर जीते हुए प्रतिनिधियों को ध्यान देना चाहिए। आज टूटी सडक़ों के बीच हम मिट्टी झेल रहे है।
- ममता जैन, गृहिणी, हिरणमगरी सेक्टर 5
--
2013 में इन बूथों पर मिले सर्वाधिक वोट
कांग्रेस
विधानसभा क्षेत्र...बूथ संख्या...वोट
उदयपुर ग्रामीण 117...890
झाड़ोल 221... 802
वल्लभनगर 22...788
उदयपुर ग्रामीण 100... 743
गोगुंदा 143... 737
....
भाजपा
विधानसभा क्षेत्र बूथ संख्या वोट
खेरवाड़ा 114...802
उदयपुर ग्रामीण 165... 813
मावली 93...769
वल्लभनगर 48... 763
उदयपुर ग्रामीण 163...734
Published on:
04 Sept 2018 01:50 pm
