9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Murder: कैंसर से जूझ रही मां का सहारा छीना, इकलौते चिराग की हत्या से उजड़ी दुनिया, बहन की चीखों से कांपा कलेजा

Udaipur Murder Case: उदयपुर: घंटाघर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश में 26 वर्षीय साहिल उर्फ सुहानी की चाकू मारकर हत्या। साहिल परिवार का इकलौता कमाऊ पुत्र था। घटना से परिवार में कोहराम, बहन का रो-रोकर बुरा हाल, कैंसर पीड़ित मां बेसुध। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले, आरोपियों की तलाश जारी।

2 min read
Google source verification
Sahil Murdered in Udaipur Over Personal Rivalry Incident in Ghantaghar Police Station Area

उदयपुर में आपसी रंजिश में युवक साहिल की हत्या (फोटो- पत्रिका)

Udaipur Sahil murder case: उदयपुर शहर के बीच घंटाघर थाना क्षेत्र के सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी में मंगलवार रात 12.30 बजे आपसी रंजिश में युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। दो गुटों की आपसी रंजिश के चलते युवक की हत्या होना बताया गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया। सुबह परिजन और रिश्तेदार मुर्दाघर के बाहर जुटे और घटना को लेकर आक्रोश जताया। मृतक के परिवार की माली हालत को लेकर रिश्तेदारों ने मुआवजे की मांग की है।

परिवार का था इकलौता सहारा

पुलिस ने बताया कि अम्बावगढ़ कच्ची बस्ती निवासी साहिल उर्फ सुहानी (26) पुत्र आरिफ की मौत हो गई। साहिल परिवार का इकलौता पुत्र था और कमाने वाला भी घर का अकेला सदस्य था। ऐसे में परिवार से उसका अकेला सहारा छिन गया।

साहिल का ठोकर चौराहा क्षेत्र निवासी नईम के साथ किसी बात को लेकर विवाद था। रंजिश के चलते नईम अपने साथियों को लेकर सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी पहुंचा।

सीने और कमर में मारा चाकू

साहिल अपने साथी जिशान के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। आरोपियों ने मौका देखते ही साहिल को घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। उसके सीने और कमर में चाकू के दो वार किए गए।

गंभीर रूप से घायल होने पर वह मौके पर ही गिर पड़ा और आरोपी भाग छूटे। साहिल को लोगों ने एमबी अस्पताल पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजन को सौंपा।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज

थानाधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

फरार आरोपियों की पहचान किए जाने के बाद गिरफ्तारी को लेकर तलाश में टीमें भेजी गई है। संभावित ठिकानों को ध्यान में रखते हुए टीमें भीलवाड़ा, अजमेर, प्रतापगढ़ आदि क्षेत्रों में भेजी गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

परिवार की हालत खराब

साहिल की मौत की खबर सुनने के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। सुबह मुर्दाघर के बाहर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। बहन सानिया मातम करने लगी, वहीं कैंसर पीड़ित मां बेसुध हो गई।

रिश्तेदारों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ सरकार से 25 लाख मुआवजा और परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग रखी। परिजनों से समझाइश के लिए पुलिस अधिकारी भी पहुंचे।