उदयपुर . देश-दुनिया का पर्यटक मेवाड़-वागड़ की समृद्धि संस्कृति एवं ऐतिहासिक धरोहरों की एक झलक पाने को बेताब है। राज्य सरकार ने इसे ध्यान में रखते हुए स्वदेश दर्शन योजना के तहत ट्राइबल ट्यूरिज्म सर्किट बनाने की दिशा में काम शुरू किया मगर ये प्रयास अब तक रंग नहीं ला पाए हैं। पर्यटन विभाग, उदयपुर ने वर्ष 2016 में ट्राइबल ट्यूरिज्म सर्किट तैयार करने के लिए राज्य सरकार के माध्यम से केन्द्र सरकार को फाइल भेजी थी। इस सर्किट में उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, सिरोही व प्रतापगढ़ को जोड़ा गया था। इस सर्किट के विकास व विस्तार के लिए 9958.14 लाख रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया गया था। इस प्रोजेक्ट को यदि ट्राइबल सर्किट के रूप में स्वीकारा जाता तो ये सभी जिले पर्यटन की मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे। पूरे क्षेत्र का पर्यटन के नजरिए से विकास होगा और सैकड़ों को रोजगार मिलेगा। साथ ही जनजाति क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को बेहतर सडक़ों व सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।