
उदयपुर। शहर में सविना रेलवे फाटक के निकट से मंगलवार सुबह अपहृत हुई दुल्हन को पुलिस ने 21 घंटे के बाद देर रात जयपुर के सिंधी कैम्प बस स्टैण्ड से बरामद कर लिया। उदयपुर पहुंचते ही दुल्हन अपने मां-बाप के बजाय सीधे दूल्हे से मिली और बातचीत करते हुए उससे लिपट पड़ी। उसने रोते हुए दूल्हे के साथ ही जाने पर सहमति जताई। पुलिस ने दुल्हन के बयानों के आधार पर अपहरण के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एसपी कैलाशचन्द्र विश्नोई ने बताया कि दुल्हन के अपहरण मामले में मुख्य आरोपी सूर्यानगर तितरड़ी निवासी प्रियांक पुत्र भागचंद जीनगर उसके साथी धोल की पाटी सविना निवासी पुनित पुत्र प्यारेलाल नागदा, सविना निवासी हरीश पुत्र प्रेमजी पटेल, चटावटी राशमी विजय पुत्र रामसिंह राजपूत व उदयसिंह पुत्र शिवसिंह चौहान को गिरफ्तार किया।
टोल को छोड़ दूसरे रास्ते से पहुंचे भीलवाड़ा तक
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात की योजना सोमवार रात को ही बनाई थी। कृषि मंडी के निकट दुल्हन की कार रुका और वे उसे अपनी कार में बैग सहित लेकर भाग निकले।
गोवद्र्धनविलास जाकर सभी ने मोबाइल बंद किया। बाद में टोल नाका टालते हुए डबोक होकर कीर की चौकी पहुंचे, जहां से आकोला, भूपालसागर होकर कपासन गए। बाद में भीलवाड़ा पहुंचकर उन्होंने कपड़े बदले।
रात को ट्रैवल्स बस से प्रियांक दुल्हन को लेकर जयपुर रवाना हुआ। तब तक पुलिस ने उसके साथियों को अलग-अलग पकड़ लिया था। पूछताछ में ट्रैवल्स बस से जयपुर जाने की सूचना पर पुलिस ने बस का पीछा किया। जयपुर पुलिस की मदद से सिंधी कैम्प पर बस से उतरते ही पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
मां-बाप से पहले दूल्हे से मिली दुल्हन
पुलिस दुल्हन को हिरणमगरी थाने लेकर पहुंची तो वहां पहले ही खड़े उसके दूल्हे क्षितिज शर्मा व उसकी चोटों को देखकर वह विचलित हो गई। एएसपी गोपालस्वरूप मेवाड़ा, उपाधीक्षक राजीव जोशी व अन्य अधिकारियों ने पूछताछ से उसे पहले मां-बाप से मिलना चाहा तो दुल्हन ने मना कर दिया।
उसका कहना था कि वह मां-बाप से पहले पति क्षितिज से मिलना चाहेगी। वह उसके बारे में क्या सोचता है, उसके बाद ही वह अपने बयान देगी। पुलिस ने उसे दूल्हे क्षितिज से मिलवाया तो वह देखकर रो पड़ी।
वह बोली कि प्रियांक भावनात्मक रूप से ब्लेकमैल कर उसे अपने साथ ले गया। वह उसके साथ नहीं रहना चाहती है। इस पर क्षितिज ने उसे अपने साथ ही रखने की सहमति जताई तो दुल्हन तुरंत ही उससे लिपटकर रोने लगी। काफी देर तक दोनों में बातचीत के बाद पुलिस ने दुल्हन के बयान लेकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Published on:
09 May 2019 08:00 am

बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
