उदयपुर . शहर में नगर निगम की ओर से बनाए गए सामुदायिक भवनों में से कई बेकार हो चुके हैं जिन्हें गोद दिया जाएगा, वहीं जो भवन जर्जर हो गए, उनको नीलाम कर निगम की कमाई बढ़ाएगी।
यह प्रस्ताव शुक्रवार को नगर निगम की राजस्व समिति की बैठक में पारित किया गया। समिति अध्यक्ष नानालाल वया की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि जनहित में विभिन्न स्थानों पर सामुदायिक भवन बनवाए गए, जो वर्तमान में अनुपयोगी हैं। ऐसे भवनों को चिह्नित कर मोहल्ला विकास समिति या गैर सरकारी संस्थाओं को देकर उनको उपयोगी बनाया जाएगा। साथ ही ऐसे सामुदायिक भवन जो पिछले दो वर्षों से उपयोग में नहीं आए या जर्जर अवस्था में हैं, उनको नीलाम कर निगम की आय अर्जित की जाएगी। समिति ने दोनों प्रस्ताव पारित किए।