
demo photo
उदयपुर. शहर में महिलाओं के साथ बैग छीनने, चेन लूट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रहीं। सूरजपोल थाना क्षेत्र में एक बार फिर बाइक सवार लुटेरों ने एक महिला का हैंडबैग छीन लिया। इस दौरान महिला स्कूटी से गिरकर घायल हो गई। लुटेरों ने महिला को कुछ दूर तक घसीटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
वारदात शनिवार रात करीब 10.20 बजे बापूश्री जोधपुर मिष्ठान भंडार के सामने हुई। वारदात की शिकार सेक्टर-8 लक्ष्मीनगर निवासी पुष्पादेवी पति पुष्करलाल शर्मा के साथ स्कूटी पर भटियानीचोहट्टा से घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो लुटेरे पीछे से आए। उन्होंने पीड़िता के कंधे पर लटका बैग छीन लिया। एकाएक हुई वारदात से महिला रोड पर गिर गई। बैग छीनने के प्रयास में बदमाश ने उन्हें घसीटा। दोनों लुटेरों ने हेलमेट पहन रखे थे। दम्पती ने हल्ला किया, लेकिन आरोपी भाग छूटे। क्षेत्रवासियों ने बताया कि मौके पर रोड लाइट बंद होने से लुटेरों ने अंधेरे का फायदा उठाया।
छीनने के बाद हवा में लहराया बैग
दोनों लुटेरों के हौसले इतने बुलंद दिखे कि वे बैग छीनने के बाद जश्न मनाने जैसी हरकत करते दिखे। लुटेरों ने बैग को हवा में लहराकर दम्पती को चिढ़ाने जैसी हरकत की। बैग में मोबाइल, चांदी की पायल, 10 हजार रुपए और एटीएम कार्ड था। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटाए हैं, जिनके आधार पर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
रथयात्रा में दम्पती सहित तीन के जेवर चोरी
इधर, तीन दिन पहले निकली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा में बदमाशों ने दो महिलाओं के गले से सोने के जेवर चुरा लिए। धानमंडी थाने में दर्ज केस के मुताबिक हाथीपोल खटीकवाड़ा क्षेत्र में बदमाश शांतिनगर सुखेर निवासी ललिता पत्नी जीवन सिंह के गले से सोने की चेन और महादेव मंदिर के पास धानमंडी क्षेत्र से महावीर नगर सेक्टर 4 निवासी रमेश चन्द्र पुत्र पृथ्वीराज मारू के गले से सोने की चेन और उसकी पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी कर ले गए।
कुएं में गिरने से किसान की मौत
डबोक थाना क्षेत्र में एक किसान की गहरे कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार डबोक के नाहरामगरा निवासी मनोहर गमेती (36) की मौत हो गई। वह 9 जुलाई को नांदवेल स्थित खेत पर गया और वापस नहीं लौटा। शनिवार दोपहर में कुएं से दुर्गंध आने लगी। आसपास के लोगों ने देखा तो कुएं में मनोहर का शव दिखा। पुलिस ने शव निकालकर एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया। र
---------
सूने मकान से जेवर-नकदी चोरी
उदयपुर. प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित एक सूने मकान में चोरी हो गई, जहां से चोर जेवर और नकदी ले गए। पुलिस के अनुसार नांदवेल झाड़ोल हाल कमलोद निवासी गणराज सिंह झाला ने मामला दर्ज कराया। बताया कि वह 12 जुलाई को गांव गया था। दो दिन बाद लौटा तो ताला टूटा हुआ था। घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हो चुके थे।
Updated on:
20 Jul 2026 05:52 pm
Published on:
20 Jul 2026 05:52 pm
