
Udaipur Constable Death: मौत के बाद घटनास्थल पर लगी भीड़ व इसाइड में मृतक मनोज (फोटो-पत्रिका)
उदयपुर। जिले के झाड़ोल क्षेत्र में एक युवा पुलिसकर्मी की आत्महत्या से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। ओगणा थाने में तैनात 28 वर्षीय कांस्टेबल ने अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सबसे दर्दनाक बात यह है कि उसकी शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मृतक कांस्टेबल की पहचान उदयपुर जिले के खेरवाड़ा तहसील के सरेरा गांव निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से ओगणा थाने में तैनात था और मेला ग्राउंड स्थित बाबूलाल व्यास के मकान में किराए का कमरा लेकर रहता था।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को नियमित ड्यूटी पूरी करने के बाद मनोज अपने कमरे पर लौट गया था। उसने थाना स्टाफ को यह भी बताया था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला।
रविवार सुबह साथी पुलिसकर्मियों ने मनोज से संपर्क करने के लिए कई बार फोन किए, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। चूंकि रविवार होने के कारण कामकाज अपेक्षाकृत कम था, इसलिए शुरुआत में किसी को अनहोनी की आशंका नहीं हुई। लेकिन जब शाम करीब 4 बजे तक वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो थाना स्टाफ उसके किराए के कमरे पर पहुंचा।
कमरे का दरवाजा खोलने पर मनोज का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर साथी पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। सूचना मिलने पर ओगणा थानाधिकारी रामरूप मीणा और पुलिस उपाधीक्षक विवेक सिंह राव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। फिलहाल घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, दो महीने पहले ही नई जिंदगी की शुरुआत करने वाले युवा कांस्टेबल की अचानक मौत से परिवार और पुलिस महकमे में गहरा शोक व्याप्त है।
Updated on:
19 Jul 2026 10:47 pm
Published on:
19 Jul 2026 10:35 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
