20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उदयपुर शहर में बन रही प्रतिदिन 20 हजार लीटर दूध से आइसक्रीम

उदयपुर में आइसक्रीम का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जहां रोजाना करीब 20 हजार लीटर दूध का उपयोग हो रहा है और गर्मी-पर्यटन से बिक्री 40–60% तक बढ़ जाती है।
2 min read
Google source verification
ice creame

आइसक्रीम

उदयपुर. कभी गली में कुल्फी वाले की घंटी सुनते ही बच्चे घरों से बाहर दौड़ पड़ते थे। जेब में दो या पांच रुपए होते थे और पसंद होती थी मलाई कुल्फी या ऑरेंज बार। आज समय बदल गया है। मोबाइल ऐप से आइसक्रीम घरों तक पहुंच रही है और बाजार में जेलाटो, रोल्ड आइसक्रीम, प्रीमियम संडे और दर्जनों नए फ्लेवर उपलब्ध हैं। स्थानीय आइसक्रीम निर्माताओं के अनुसार शहर में रोजाना करीब 20 हजार लीटर दूध आइसक्रीम, कुल्फी और फ्रोजन डेजर्ट तैयार करने में इस्तेमाल हो रहा है।

पर्यटन और गर्मी ने बढ़ाया कारोबार

शहर पर्यटन नगरी होने के कारण यहां सालभर आइसक्रीम की अच्छी मांग रहती है, लेकिन अप्रैल से जून और छुट्टियों के दौरान बिक्री सबसे अधिक होती है। कारोबारियों के अनुसार पर्यटन सीजन और गर्मी के महीनों में सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री 40 से 60 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। शहर में बनने वाली आइसक्रीम की सप्लाई उदयपुर के अलावा राजसमंद, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों तक की जाती है।

रेहड़ी से पार्लर तक का सफर

करीब चार दशक पहले शहर में आइसक्रीम का मतलब कुल्फी वाले का ठेला हुआ करता था। सूरजपोल, हाथीपोल, देहलीगेट और पुराने मोहल्लों में शाम होते ही बच्चों की भीड़ कुल्फी वालों के आसपास लग जाती थी। वर्ष 2000 के बाद शहर में ब्रांडेड आइसक्रीम पार्लर खुले और परिवारों की पसंद बदलने लगी। अब वनिला और स्ट्रॉबेरी के साथ बटरस्कॉच, चॉकलेट, ब्लैक करंट और कई नए फ्लेवर लोगों की पसंद बन गए। पिछले कुछ वर्षों में रोल्ड आइसक्रीम, जेलाटो और आर्टिजन डेजर्ट ने भी बाजार में अपनी खास जगह बनाई है।

लोकल स्वाद ने बनाई अलग पहचान

उदयपुर का आइसक्रीम बाजार भले ही राष्ट्रीय ब्रांडों के कब्जे में हो, लेकिन स्थानीय ब्रांड आज भी अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं। शहर में करीब 5 से 8 स्थानीय आइसक्रीम ब्रांड और पारंपरिक कुल्फी विक्रेता हैं। इनमें न्यू गुजरात आइसक्रीम, द मिल्कीवे, हिमक्रीम नेचुरल्स, क्रीम एंड नेचुरल्स और राधिकाजचिल हाउस जैसे नाम ग्राहकों की पसंद हैं। वहीं पुराने शहर की कुल्फी और फलूदा की दुकानें आज भी गर्मियों में ग्राहकों से गुलजार रहती हैं।

हेल्दी आइसक्रीम की बढ़ रही मांग

अब ग्राहक सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहत का भी ध्यान रख रहा है। शुगर-फ्री, हाई-प्रोटीन, मिलेट, फ्रूट-बेस्ड, नेचुरल और ऑर्गेनिक आइसक्रीम की मांग तेजी से बढ़ रही है। आइसक्रीम कंपनियां भी ग्राहकों की पसंद को देखते हुए लगातार नए उत्पाद बाजार में उतार रही हैं।

उदयपुर में कौन-सा स्वाद सबसे ज्यादा पसंद

पुराना स्वाद नए दौर के फ्लेवर

मलाई कुल्फी बेल्जियन चॉकलेट

केसर-पिस्ता कुल्फी जेलाटो

रबड़ी कुल्फी रोल्डआइसक्रीम

ऑरेंज बार रेड वेलवेट

बादाम कुल्फी ब्राउनीफज

फलूदाब्लूबेरीचीज़केक

आम और सीताफल टेंडर कोकोनट

काजू बदामकुकीज़ एंड क्रीम

हर साल नए फ्लेवर आते हैं, लेकिन ग्राहकों की पहली पसंद आज भी रबड़ी कुल्फी, राजभोग, गुलाब-काजू, फालूदा, ठंडाई-बादाम, अमेरिकन नट्स, मौसमी मैंगो और केवड़ा कुल्फी ही हैं। कई परिवार अपने बच्चों को वही पारंपरिक स्वाद चखाने लेकर आते हैं, जो उन्होंने बचपन में पसंद किया था।

राकेश जैन, आइसक्रीम विक्रेता