
जनता के स्वागत कक्ष बने थानाधिकारी के दफ्तर
उदयपुर. राज्य सरकार की ओर से आमजन की सुविधा के लिए पुलिस थानों में स्वागत कक्ष बनाए जा रहे हैं। उदयपुर जिले के 45 थानों में से 34 में कक्ष बनकर तैयार है। चार थानों में काम चल रहा है, पांच में निर्माण होना बाकी है, जबकि दो थानों में फिलहाल स्वीकृति नहीं मिली है। जहां कक्ष बन गए हैं, उनमें से ज्यादातर में अभी उपयोग शुरू नहीं हो पाया है। कुछ थानों में कक्ष आमजन के काम आने लगे हैं, जबकि शहर के तीन थानों में स्वागत कक्ष थानाधिकारियों के दफ्तर बन चुके हैं। शहर के धानमंडी, भूपालपुरा और सविना थानों में यह स्थिति है।
सरकार ने पूछी उपयोगिता की स्थिति
राज्य सरकार की ओर से प्रदेश की कानून व्यवस्था से संबंधित बैठक में स्वागत कक्षों की उपयोगिता के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई। इसे लेकर प्रत्येक जिले में जहां स्वागत कक्ष क्रियाशील हो चुके हैं, वहां के अनुभवों का अध्ययन किया जा रहा है। स्वागत कक्ष में आने वाले परिवादी, शिकायतकर्ता, आगंतुकों के अनुभव जानने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इसके लिए तय मापदंड में जानकारी मांगी गई है।
इन बिन्दुओं के देने हैं जवाब
- थाने पर आने वाले आगंतुकों का नाम, पता व फोन नम्बर।
- किस कार्य से कब थाने में उपस्थित हुआ, दिनांक व समय?
- थाने में आने वाले का कार्य किस अधिकारी से संबंधित था?
- क्या थाने में उपस्थित अधिकारी/कर्मचारी विनम्र, सहयोगी थे?
- कार्य या सुनवाई शुरू करने में कैसा व्यवहार रहा?
- क्या थाना स्टाफ से बातचीत के दौरान जाति, धर्म, क्षेत्र या हैसियत संंबंधित भेदभाव प्रकट हुआ?
- महिला शिकायतकर्ता के मामले में स्वागत कक्ष में मदद करने के लिए कोई महिला पुलिसकर्मी थी? यदि हां, तो उसका व्यवहार कैसा रहा?
- क्या थाने में आने वाले अपनी शिकायत/एफआईआर दर्ज करा सके?
- शिकायत/एफआईआर दर्ज नहीं करा सके तो क्या प्रत्युत्तर मिला?
- क्या शिकायत पर कार्रवाई अथवा समाधान प्रदान किया गया?
- क्या स्वागत कक्ष में बैठने की उचित व्यवस्था थी?
आंकड़ों में जानें
34 : थानों में स्वागत कक्ष तैयार
04 : थानों में काम चल रहा है
05 : थानों में निर्माण होना बाकी
02 : थानों में स्वीकृति नहीं मिली
यहां स्वागत कक्ष तैयार
सूरजपोल, प्रतापनगर, घंटाघर, सुखेर, महिला थाना, पर्यटन थाना, गोवर्धनविलास, नाई, सविना, हाथीपोल भूपालपुरा, धानमंडी, हिरणमगरी, झाड़ोल, डबोक, घासा, बावलवाड़ा, जावरमाइंस, सेमारी, पानरवा, भींडर, कुराबड़, ओगणा, सलूम्बर, गोगुन्दा, टीडी, फतहनगर, मावली, लसाडिय़ा, ऋषभदेव, खेरवाड़ा, वल्लभनगर, खेरोदा, सायरा।
यहां चल रहा है काम
थाना बेकरिया, परसाद, सराड़ा और कोटड़ा।
निर्माण बाकी और स्वीकृति नहीं
थाना अम्बामाता, मांडवा, झल्लारा, पहाड़ा, फलासिया में निर्माण शुरू नहीं हुआ। कानोड़ और गिंगला में अभी स्वीकृति नहीं मिली है।
इनका कहना है
जहां कहीं जनता के उपयोग के अलावा कक्ष काम में लिया जा रहा है, उनका उपयोग बदलवाएंगे। स्वागत कक्ष लगभग तैयार हो चुके हैं। कुछ जगह काम चल रहा है। सुविधानुसार उपयोग शुरू हो गया है। सभी थानों में तैयार हो जाने पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार उद्घाटन किया जाएगा।
डॉ. राजीव पचार, जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर
Published on:
05 Aug 2021 11:25 am
