
उदयपुर. सवीना थाना क्षेत्र स्थित निजी मेडिकल कॉलेज के छात्रों में रैगिंग को लेकर हुई मारपीट और चाकूवार को लेकर बुधवार को पुलिस ने घटना में घायल हुए छात्रों के बयान लिए हैं। पुलिस मामले में लिप्त छात्रों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि गीतांजली मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कर रहे छात्र ने सवीना थाने में मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार अपरान्ह 3 बजे वह तीन दोस्तों के साथ हॉस्पिटल के बाहर ग्रीन टी दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान एक कार में आए चार जने आए। रैगिंग की बात को लेकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करने वालों में से एक के पास चाकू था, जिसने यहां मौजूद छात्र के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना में तीन छात्र घायल हुए हैं। मौके पर हंगामा हो गया और इसी दौरान अन्य छात्रों के आ जाने पर आरोपी छात्र भाग गए। चाकूवार से घायल छात्र को जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है।
Published on:
05 Aug 2021 11:42 am
