
जेष्ठ पूर्णिमा आज, जग के नाथ करेंगे महास्नान
उदयपुर. जेष्ठ माह की पूर्णिमा पर रविवार को भगवान जगदीश महास्नान करेंगे। सुबह 7 बजे से शुरू होने वाले इस अभिषेक के दर्शन आम भक्त भी कर पाएंगे। मंदिर में सुबह से शाम तक विशेष आयोजन होंगे। इस पर्व को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है।
पंडित रामगोपाल ने बताया कि रविवार को जेष्ठ पूर्णिमा पर सुबह 7 से 10 बजे तक ठाकुरजी का महास्नान होगा। पंडित श्रीसूक्त, पुरुष सूक्त और जेष्ठाभिषेक सूक्त का पाठ करेंगे। इसके साथ ही ठाकुरजी को चांदी के घड़ों से पंचामृत और गंगाजल से स्नान करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ठाकुरजी के स्नान के लिए 250 किलो दूध, 5 किलो दही, 11 किलो शक्कर, सवा किलो शहद, 5 किलो घी से पंचामृत तैयार किया जाएगा। इस दौरान मंदिर में आने वाले भक्त जो सामग्री भेंट करेंगे उसे भी पंचामृत में मिलाया जाएगा। ऐसे में इसकी मात्रा काफी बढ़ जाती है।
अभिषेक के बाद ठाकुरजी को नए केसरिया वस्त्र, टोपी, मुकुट का श्रंगार धराया जाएगा। इस दिन आम की बर्फी, आम और हलवे का विशेष भोग लगाया जाएगा। मंदिर में श्रद्धालु दर्शन के साथ ही भजन-कीर्तन का लाभ लेंगे।
-------
जगन्नाथ धाम में महास्नान 10 बजे से
गुप्तेश्वर नगर विकास समिति के अध्यक्ष घनश्याम पालीवाल ने बताया कि सेक्टर-7 स्थित जगन्नाथ धाम में ठाकुरजी को सुबह 8.30 बजे स्नान वैदी पर झूलाते हुए ले जाया जाएगा। यहां भोग और आरती के बाद करीब 10 बजे महास्नान शुरू होगा। इसमें मंत्रोच्चार के बीच 108 घड़ों से प्रभु को स्नान करवाया जाएगा। इसके बाद श्रंगार आरती होगी। महामंत्री राकेश कपूर ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे ठाकुरजी को मूल पाठ से अन्य स्थान पर विराजित करेंगे। इसके बाद 15 दिन तक ठाकुरजी को काढ़ा औषधीय व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा।
Updated on:
03 Jun 2023 10:04 pm
Published on:
03 Jun 2023 10:02 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
