शक्तिनगर स्थित कम्यूनिटी हॉल में सोमवार से पुतलों का निर्माण शुरू हुआ। इनका निर्माण मथुरा का मुस्लिम परिवार कर रहा है। शाकिर अली बताते हैं कि करीब ३० से ३२ वर्ष से यह परिवार रावण, मेघनाद व कुंभकरण के पुतलों का निर्माण कर रहे हैं। इनका परिवार भगवान कृष्ण की नगरी से आकर करीब एक माह तक यहां रहता है। ये इन पुतलों के साथ ही रावण की सोने की लंका का भी निर्माण करते हैं। इस काम में उनके तीनों पुत्र जाहिद अली, सादिक अली, आशिफ अली के साथ ही शाकिर अली की बेटियां व उसके पुत्र सहित परिवार के करीब १५ सदस्य मदद करते हैं। अली ने बताया कि उन्होंने अब तक ओड़ीसा, महाराष्ट्र, मुम्बई, गुजरात, अहमदाबाद, चंडीगढ़़, आगरा आदि जगह रावण के पुतले बनाए हैं।
खास बात यह है कि उन्होंने रामलीला फिल्म में भी रावण का पुतला बनाया था। सनातन सेवा समिति के सयोजक हेमंत गखरेजा ने बताया कि रावण का पुतला ७०, मेघनाद व कुंभकरण के पुतले ६५-६५ फीट के होंगे। १०० फीट लम्बी सोने की लंका बनेगी।