4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

उदयपुर : अब स्कूलों में ही बनेगा और अपडेट होगा विद्यार्थियों का आधार

उदयपुर सहित प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब मोबाइल आधार सेवा केंद्र के जरिए विद्यार्थियों का आधार नामांकन और अपडेट स्कूल परिसर में ही मुफ्त किया जाएगा।
2 min read
Google source verification
aadhar card in school

विद्यार्थियों का आधार

उदयपुर. प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। अब आधार कार्ड बनवाने या उसमें संशोधन के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को आधार सेवा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने प्रदेश में मोबाइल आधार सेवा केंद्र शुरू करने के दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत राज्य के 295 ब्लॉक में आधार एनरोलमेंट किट (एईके) के जरिये विद्यालयों में ही विद्यार्थियों का मुफ्त आधार नामांकन, आधार अपडेट तथा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) किया जाएगा।

परिषद ने सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों एवं पदेन जिला परियोजना समन्वयकों को अभियान के संचालन के निर्देश देते हुए ब्लॉकवार कार्ययोजना तैयार करने, विद्यालयवार शिविर लगाने तथा मॉनिटरिंग के आदेश दिए हैं। इस व्यवस्था से प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधार संबंधी सेवाएं उनके विद्यालय परिसर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।

विद्यार्थियों पर नहीं आएगा कोई आर्थिक भार

परिषद ने मोबाइल आधार सेवा केंद्रों के संचालन की जिम्मेदारी रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को सौंपी है। कंपनी अगले पांच वर्षों तक प्रदेश में मोबाइल आधार सेवा केंद्र संचालित करेगी। इस पूरी प्रक्रिया के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों अथवा विद्यालयों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। आधार नामांकन एवं अपडेट का संपूर्ण कार्य भारत सरकार और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआइडीएआइ) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा।

हर विद्यालय तक पहुंचेगी मोबाइल आधार सेवा

जिन 295 ब्लॉक में आधार एनरोलमेंट किट उपलब्ध करा दी गई है, वहां मोबाइल आधार सेवा केंद्रों का संचालन शुरू किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक में ग्राम पंचायत एवं पीईईओ स्तर के विद्यालयों के लिए अलग-अलग रूट चार्ट तैयार किया जाएगा, ताकि कोई भी विद्यार्थी आधार नामांकन अथवा अपडेट से वंचित न रहे। जहां विद्यार्थियों का आधार पहले से बना है लेकिन बायोमेट्रिक अपडेट, नाम, पता अथवा अन्य संशोधन आवश्यक हैं, वहां भी विद्यालय में ही यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सुबह 9:30 से शाम 5 बजे तक लगेंगे शिविर

विद्यालयों में मोबाइल आधार सेवा केंद्र सोमवार से शनिवार सुबह 9:30 से शाम 5 बजे तक संचालित किए जाएंगे। आवश्यकता होने पर सीबीईओ की अनुमति एवं यूआइडीएआइ के दिशा-निर्देशों के अनुसार अवकाश के दिनों में भी विशेष शिविर लगाए जा सकेंगे। परिषद ने प्रत्येक विद्यालय को निर्देश दिए हैं कि प्रतिदिन लगभग 50 विद्यार्थियों का आधार नामांकन अथवा अपडेट कराया जाए। इसके लिए विद्यालय पहले से विद्यार्थियों की सूची तैयार करेंगे तथा सभी आवश्यक दस्तावेज एकत्र रखेंगे, जिससे शिविर के दौरान कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सके। योजना के संचालन के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए रेलटेल हेल्पडेस्क प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 6 बजे तक संचालित रहेगा। हेल्पडेस्क नंबर 18008911039 जारी किया गया है।

आधार कार्ड: एक महत्वपूर्ण पहचान पत्र

आधार कार्ड भारत सरकार द्वारा जारी किया जाने वाला एक महत्वपूर्ण पहचान पत्र है, जिसे भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) बनाता है। इसमें 12 अंकों का एक यूनिक नंबर होता है, जो व्यक्ति की पहचान और पते से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित करता है। आधार कार्ड का उपयोग बैंक खाता खोलने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, मोबाइल सिम लेने और कई अन्य सेवाओं में किया जाता है। यह बायोमेट्रिक और डेमोग्राफिक डेटा पर आधारित होता है, जिससे पहचान सत्यापन आसान और सुरक्षित बनता है। आज के डिजिटल युग में आधार कार्ड एक जरूरी दस्तावेज बन चुका है।