
Udaipur Crime : मृतक उर्मिला कुंवर। फोटो पत्रिका
Udaipur Crime : उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के बेड़वास कपिल विहार में शुक्रवार शाम चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक युवक से रंजिश के कारण बदमाशों ने उसके घर पर दो बार पथराव किया, वाहनों में तोड़-फोड़ की। भागते समय बदमाशों को रोकने का प्रयास करने पर उन्होंने युवक की मां को कुचल दिया। पुलिस ने रात को तीन बदमाशों को हिरासत में ले लिया, वहीं वाहनों को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम में गौड़ों का खेड़ा कानोड़ हाल कपिल विहार निवासी उर्मिला कुंवर (52 वर्ष) पत्नी फतहसिंह गौड़ की मौत हो गई। एसयूवी सवार बदमाशों ने उसे कुचल दिया था। घटना की वजह उर्मिला कुंवर के बेटे दिव्यराजसिंह से रंजिश होना सामने आया है। निजी अस्पताल में महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में शव रखवाया दिया था और पोस्टमार्टम की कार्रवाई आज शनिवार को हुई।
सामने आया कि नांदसा गंगापुर भीलवाड़ा हाल उदयपुर निवासी यशप्रताप सिंह चुंडावत और मिनाणा चित्तौड़गढ़ हाल माली कॉलोनी निवासी यशपाल सिंह झाला के बीच लम्बे समय से विवाद चल रहा है। विवाद में यशप्रताप के साथ दोस्त दिव्यराज भी साथ दे रहा था। शुक्रवार दोपहर यशप्रताप व यशपाल सिंह के गुट भिड़ गए थे। दोपहर को यशप्रताप का गुट यशपाल के सबसिटी सेंटर स्थित ऑफिस पहुंचा, जहां हंगामा किया। इसकी जानकारी यशपाल को मिली तो वह अपने साथी यशर्वधन सिंह, बेड़वास निवासी विशाल शर्मा, शोभजी का खेड़ा निवासी यशवर्धन सिंह चुंडावत उर्फ गोटी, भैसाणा निवासी नरेंद्र सिंह जैतावत उर्फ चिंटू सहित 8-10 लोग तीन वाहनों में सवार होकर दिव्यराज सिंह के घर पहुंचे।
वहां कारों में जमकर तोड़फोड़ की। यह देखकर घर में से दिव्यराजसिंह की मां उर्मिला कुंवर निकली। वह भागते बदमाशों को रोकने के लिए एसयूवी के सामने खड़ी हो गई। बदमाशों ने उसे कुचल दिया और भाग निकले। भीड़ जमा हो गई और उर्मिला को निजी अस्पताल ले गए, जहां मौत हो गई।
दोनों गुटों के बीच आपसी लेनदेन को लेकर तीन माह से रंजिश थी। इसी के कारण बदमाशों ने शुक्रवार सुबह भी विवेक पार्क के पास हमले का प्रयास किया, लेकिन, दिव्यराज सिंह वहां नहीं था। घर पर हमले के बाद भी दिव्यराज के पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए थे, जहां टकराव हो जाता, लेकिन इससे पहले बदमाश भाग चुके थे।
बदमाशों ने दिव्यराज सिंह के घर पर 2 बार हमला किया। पहला हमला शाम 4.30 बजे और दूसरा 5.30 बजे किया गया। दूसरी बार के हमले के दौरान दिव्यराज की मां उर्मिला कुंवर शिकार हो गई। यह हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हमले और महिला को कुचलने की जानकारी मिलने पर प्रतापनगर थानाधिकारी अजयसिंह राव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Updated on:
08 Aug 2026 07:50 pm
Published on:
08 Aug 2026 07:29 pm
