
उदयपुर। अपने केलूपोश (झोपड़ी) मकान में रहने वाले झाड़ोल विधायक बाबूलाल खराड़ी (Babulal Kharadi) केबिनेट मंत्री बनने के बाद सोमवार को पहली बार उदयपुर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट से लेकर भाजपा कार्यालय तक जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। उन्होंने कैलाशपुरी पहुंचकर सबसे पहले भगवान एकलिंगनाथ के दर्शन किए। इस बीच उन्होंने कहा कि एक जमीन से जुड़े कार्यकर्ता का इतना बड़ा मान इस संगठन में ही संभव है। हम सत्ता की पार्टी के कार्यकर्ता हैं, अपनी कार्यशैली में हमें परिवर्तन लाना होगा। अब नारेबाजी के बजाए जनहित के कार्य करने होंगे।
सुबह एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद खराड़ी का भाजपा शहर एवं देहात जिला की ओर से बलीचा दक्षिण विस्तार स्थित पार्टी कार्यालय में अभिनंदन किया गया। शहर जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली एवं देहात जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने पगड़ी एवं उपर्णा पहनाया। इस अवसर पर केबिनेट मंत्री खराड़ी ने कहा कि कार्यकर्ताओं का मर्यादित एवं अनुशासित व्यवहार ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। सरकार बदली है, अधिकारियों को भी अपने सिस्टम को बदलना होगा।
समझाइश से उन्हें कार्य करने को प्रेरित करेंगे, इसके बावजूद जनहित की राह में कोई रोड़े अटकाएगा तो उसको अन्य रास्तों से समझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में गुलाबचंद कटारिया की कमी को किसी भी कीमत पर कार्यकर्ताओं को महसूस नहीं होने देंगे। उन्होंने हमारे नगर, जिले और प्रदेश के लिए, जो सपने देखे, उन सब को पूरा करने का शत प्रतिशत कार्य किया जाएगा।
पदाधिकारियों ने ये कहा
- देहात जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान ने कहा कि मेवाड़ में इस बात को लेकर चर्चा है कि एक साधारण कार्यकर्ता को इतने बड़े पद पर आसीन करना केवल भाजपा में ही हो सकता है, इसको लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
- प्रदेश कार्य समिति सदस्य भंवर सिंह पवार ने कहा कि खराड़ी का जीवन अत्यंत ही सादगी से परिपूर्ण रहा। ऐसे कार्यकर्तओं का इस प्रकार से सम्मान होना सभी का सम्मान है।
- शहर जिलाध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली ने कहा कि खराड़ी जीवन में शुचिता एवं जनसेवा का संकल्प लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में सदैव कार्य करते आए हैं, उनके कुशल नेतृत्व में गांव गरीब का कल्याण होगा।
Published on:
02 Jan 2024 11:23 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
