
उम्र के इस पड़ाव पर भी मनवाएंगी अपना लोहा
उदयपुर. उम्र का कोई पड़ाव हो, मन में जोश, जुनून और जज्बा हो तो हर राह आसान हो जाती है। कुछ ऐसा ही करने वाली है आधी आबादी जो मैदान में उतरकर उम्र के इस पड़ाव पर भी दमखम िदखाएंगी। ऐसा संभव होगा राजस्थान महिला वि्द्यालय की पूर्व छात्रा परिषद के सहयोग से। इस परिषद की ओर से महिला ओपन टेबल टेनिस, बैडमिंटन और कैरम की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इसको लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही है। खेल के मैदान में ये साबित किया जाएगा कि महिलाएं केवल चूल्हे, चौके तक नहीं बल्कि हर फील्ड में खुद का लोहा मनवा सकती है। आने वाले दिनों में उम्र के इस पड़ाव पर भी आकर हाथ में बैट व रैकेट पकड़े नजर आएंगी। इस प्रतियोगिता में इस वर्ष कोच तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाडि़यों के लिए अलग ग्रुप बनाए गए हैं। प्रत्येक वर्ग में विजेता को 21 सौ, उप विजेता को 11 सौ रुपए, शील्ड तथा प्रत्येक प्रतिभागी को प्रमाण पत्र व प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इन खेलों में भाग लेने के लिए महिलाएं राजस्थान महिला विद्यालय के केन्द्रीय विभाग में रजिस्ट्रेशन करवा सकती है। रजिस्ट्रेशन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में जयपुर, मुंबई, भरतपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों से महिलाएं शामिल होती है।
पांच से नौ फरवरी तक होगा टूर्नामेंट
पूर्व छात्रा परिषद की संरक्षक डा.पुष्पा कोठारी ने बताया कि परिषद की ओर से आयोजित होने वाली ये प्रतियोगिता पांच से नौ फरवरी तक होगी। इसमें एकल टेबल टेनिस, बैडमिंटन और कैरम के टूर्नामेंट होंगे। इसमें खास बात ये है कि इन खेलों में 25 वर्ष से उपर की आयु की महिलाएं भाग ले सकेंगी।
घरों व एकेडमियों में कर रही अभ्यास
जानकारी के अनुसार इस प्रतियोगिता में शामिल होने का उत्साह इतना है कि महिलाएं घरों और राजस्थान महिला विद्यालय की एकेडमी में अभी से तैयारियों में जुट गई हैं। खेलों के लिए उम्र की चार श्रेणियां बनाई गई हैं। इनमें 25 से 40, 41 से 54, 55 से 65 और 65 से ऊपर की आयु की महिलाएं ही इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगी।
Published on:
19 Jan 2024 09:51 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
