4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

1.44 हेक्टेयर में बनेगा बड़ा स्टेडियम, 90 मीटर लंबी होगी दर्शक दीर्घा

स्टेडियम में मल्टीपरपज प्ले ग्राउंड, लॉकर, चेंजिंग रूम सहित सर्वसुविधायुक्त मंच भी रहेगा, दशहरा मैदान पर 4.80 करोड़ से बनेगा 90 मीटर लंबा स्टेडियम, परेड और दशहरा उत्सव जैसे अन्य आयोजन भी होंगे

2 min read
Google source verification
ujjain_sports.png

90 मीटर लंबा स्टेडियम

उज्जैन. अगले कुछ दिनों में दशहरा मैदान की रंगत बदलने वाली है। यहां बड़ा स्टेडियम बनाया जा रहा है. खास बात यह कि स्टेडियम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां खेल गतिविधियों के साथ परेड दशहरा उत्सव जैसे आयोजन भी हो सकेंगे। इस स्टेडियम के बन जाने से शहर के बीचों-बीच खेल प्रतिभाओं को नया अवसर भी मिलेगा।

दशहरा मैदान स्टेडियम को नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण मद से विकसित किया जा रहा है। 1.44 हेक्टेयर जमीन पर तैयार हो रहा स्टेडियम मैदान के चारों ओर नहीं बनाया जाएगा बल्कि इसे मुख्य सडक़ की ओर से 90 मीटर लंबा बनाया जाएगा। यह खेल मैदान के 9 मीटर अंदर रहेगा।

नया स्टेडियम 4.80 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। करीब 90 मीटर लंबे इस स्टेडियम में 600 लोगों की बैठने के इंतजाम रहेंगे. खेल मैदान को विभिन्न खेलों के मान से तैयार किया जा रहा है। स्टेडियम में 600 लोगों को बैठाने के लिए 9.20 मीटर की उंचाई में आठ स्टेप पर कुर्सियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा यहां 1.50 मीटर का पार्किंग स्पेस भी रहेगा।

निगम अधिकारियों का कहना है कि दशहरा मैदान स्टेडियम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसकी अधिकतम जमीन का खेल के लिए उपयोग होगा। यहां पर खेल के अतिरिक्त सालाना 15 अगस्त व 26 जनवरी पर होने वाली परेड तथा दशहरा उत्सव जैसे आयोजन भी हो सकेंगे। वहीं स्टेडियम में प्रवेश के लिए दो मुख्य गेट तो दो अन्य गेट भी रहेंगे। निगम की ओर से स्टेडियम निर्माण का टेंडर जारी हो चुका है। यह एक वर्ष में बनकर तैयार होगा।

वीआइपी मंच, नीचे रहेगा चेजिंग रूम
स्टेडियम में वीआइपी मंच बनाया जा रहा है। 9 बाय 6.95 मीटर लंबाई.चौड़ाई में बन रहा यह मंच पूरी तरह से ढंका रहेगा। वहीं नीचे की ओर लॉकिंग रूम, स्टोर रूम, ग्रीन रूम बनाया जाएगा ताकि खेल प्रतियोगिता के अलावा अन्य विशेष अवसरों पर इसका उपयोग हो सकेगा।

स्टेडियम बनने से ये होंगे फायदे
- अव्यवस्थित दशहरा मैदान खेल मैदान के रूप में व्यवस्थित होगा।
- यहां होने वाले आयोजनों के लिए दर्शक दीर्घा होने से खेल प्रेमियों को बैठने की सुविधा मिलेगी।
- स्टेडियम बनने से पेयजल और शौचालय की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।
- स्टेडियम के आसपास पौधरोपण होने से इसकी सुंदरता में इजाफा होगा।

नगर निगम के उपयंत्री मुकुल श्रेमाम के मुताबिक दशहरा मैदान पर 4.80 करोड़ की लागत से खेल स्टेडियम बनाया जा रहा है। यहां 600 लोगों के बैठने के लिए दर्शक दीर्घा, एक वीआइपी मंच सहित अन्य सुविधाएं रहेगी। स्टेडियम बनने से खेल के साथ अन्य गतिविधियां भी संचालित हो सकेंगी।