
बड़ी खबर : इस तांत्रिक के कारण लगाई दिल्ली के भाटिया परिवार ने फांसी, मृत सदस्य को जीवित करने कर रहे थे तांत्रिक क्रिया
भोपाल/उज्जैन। दिल्ली के बुराड़ी कांड में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इस रहस्यमय आत्महत्या कांड में अब 11 लोगों के फांसी लगाने का उज्जैन कनेक्शन सामने आ रहा है। ताजा खबर आ रही है कि जिस भाटिया परिवार के 11 सदस्यों ने अपनी मर्जी से मौत को गले लगाया था, उसी परिवार ने डेढ़ साल पहले उज्जैन आकर तंत्र क्रियाएं कराईं थीं। परिवार ने एक तांत्रिक से मिलकर उज्जैन के भर्तहरि गुफा क्षेत्र और गढ़कालिका में तांत्रिक से मिलकर तंत्र क्रिया कराई थी, लेकिन किसी बात पर तांत्रिक, भाटिया परिवार से नाराज हो गया और उसने इस परिवार को श्राप दे दिया। कहा जा रहा है कि तांत्रिक के श्राप की वजह से ही भाटिया परिवार को इस तरह की मौत मिली।
एक न्यूज़ चैनल के हवाले से आ रही खबर के मुताबिक डेढ़ साल पहले भाटिया परिवार, उज्जैन आया था। चश्मदीदों का कहना है कि भाटिया परिवार का उज्जैन आने का उद्देश्य अपने किसी मृत परिजन को वापस जीवित कराना था। पुलिस की जांच में अभी तक सामने आया है कि भाटिया परिवार में एक व्यक्ति की मौत के बाद स्थितियां बदलीं थीं। परिवार के वरिष्ठ व्यक्ति गोपाल भाटिया की मौत के बाद ही परिवार अंधविश्वास की ओर झुका था। बहरहाल यह सामने आया है कि भाटिया परिवार ने शायद गोपाल भाटिया को वापस जीवित करने के लिए ही तांत्रिक क्रिया कराई थी।
चैनल की खबर से इस बात का भी खुलासा हुआ है कि तांत्रिक ने परिवार के कहने पर तांत्रिक क्रिया का आयोजन किया था और इसके लिए परिवार से उसने 1 लाख रुपए की मांग की थी। तांत्रिक की इस मांग पर परिवार ने क्रिया कराने से मना कर दिया था, वहीं तांत्रिक परिवार के क्रिया कराने से इँकार की वजह से नाराज हो गया था। चश्मदीदों का कहना है कि तांत्रिक ने परिवार से नाराज होकर उन्हें श्राप दिया था, जिसकी वजह से यह परिणिती सामने आई।
फिलहाल अब पुलिस के सामने उज्जैन के तांत्रिक का पहलू भी आकर खड़ा हो गया है, जिसकी जांच होने जा रही है। परिवार अंधविश्वास में बुरी तरह घिर चुका था, इस बात के पूरे सबूत मिल चुके हैं। घटनास्थल से पुलिस को जो रजिस्टर मिले हैं उनमें से एक में यह भी लिखा था कि हम भगवान से मिलकर लौट आएंगे। इतना ही नहीं घटना के बाद से यहां रहने वाले कई किरायदार घर खाली कर रहे हैं। फिलहाल जिस तरह की डायरियां घर से मिली हैं उसके मुताबिक बुराड़ी में हुई इन सामूहिक मौतों का जिम्मेदार परिवार का छोटा बेटा ललित को माना जा रहा है।
Published on:
5 Jul 2018, 5:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.