6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बसंत का ऐसा उल्लास : होली तक रोज उड़ेगा महाकाल में गुलाल

भगवान महाकाल के दरबार में बसंत का ऐसा उल्लास छाया कि हर भक्त उसमें तरबतर नजर आया। होली तक प्रतिदिन गुलाल की वर्षा होगी।

3 min read
Google source verification
patrika

basant panchmi,mahakal,ujjain mahakal,ujjain mahakal temple,Ujjain Mahakal Mandir,

उज्जैन. भगवान महाकाल के दरबार में बसंत का ऐसा उल्लास छाया कि हर भक्त उसमें तरबतर नजर आया। होली तक प्रतिदिन भगवान महाकाल के आंगन में गुलाल की वर्षा होगी। भस्म आरती में जहां भस्मी से स्नान कराया जाएगा, वहीं आरती के दौरान ही बाबा महाकाल पर गुलाल के गुब्बारे भी उड़ाए जाएंगे। शहर में मौजूद विभिन्न मंदिरों में भी बसंत पंचमी पर आकर्षक शृंगार किए गए।

प्रकृति में सौंदर्य बिखेरने वाली बसंत ऋतु की शुरुआत

प्रकृति में सौंदर्य बिखेरने वाली बसंत ऋतु की शुरुआत सोमवार को हुई। महाकाल मंदिर सहित शहर के विभिन्न मंदिरों में बसंत पंचमी का उल्लास छाया रहा। इसके साथ ही फाग की उमंग शुरू हो गई। बसंत पंचमी पर विद्या की देवी सरस्वती का पूजन किया गया।

भस्म आरती में गुलाल लगाया

महाकाल मंदिर में सोमवार को बसंत पंचमी पर भस्म आरती में बाबा महाकाल को पीले पुष्प अर्पित करने के साथ गुलाल लगाया गया। महाकाल मंदिर में बसंत पंचमी पर्व से होली की शुरुआत हो गई। होली तक प्रतिदिन भगवान महाकाल को गुलाल चढ़ाया जाएगा। सोमवार को तड़के भस्म आरती में पंडे-पुजारियों ने भगवान महाकाल को बसंत के फूल और गुलाल अर्पित किया। परंपरा अनुसार बाबा महाकाल के दरबार में हर त्योहार सबसे पहले मनता है, इसलिए यहां बसंत पंचमी के शुभ मुहूर्त में होली शुरू हो जाती है। अब बाबा को रोज सुबह-शाम की आरती में पुजारी गुलाल अर्पित किया जाएगा। वैष्णव मंदिरों में भी 40 दिन के होली पर्व की शुरुआत हो गई। प्रतिदिन सुबह आरती में भक्त ठाकुरजी के साथ अबीर-गुलाल उड़ाकर होली खेलेंगे।

बसंत पंचमी पर शोभायात्रा निकाली
बसंत पंचमी पर मेड़तवाल नवयुवक संघ की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। मेड़तवाल धर्मशाला तीन बत्ती से प्रारंभ हुई शोभयात्रा विभिन्न मार्गों से होकर धर्मशाला पर सपंन्न हुई। धर्मशाला में मां फलौदी का पूजन किया गया। इस अवसर पर रूपसिंह, रमेशचंद्र गुप्ता, ओपी गुप्ता, महेश सिंगी, संजय मेड़तवाल सहित समाज की महिलाएं और बच्चे शामिल थे।

बंसत गोष्ठी का आयोजन किया

मप्र लेखक संघ द्वारा महेश नगर में बंसत गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरीश प्रधान, शैलेंद्र शर्मा, उर्मि शर्मा, अशोक वक्त मौजूद थे। इस अवसर पर पत्रिका बांसुरी का विमोचन किया गया। सीमा जोशी, पुष्पा चौरसिया,कोमल वाधवानी,राजेश रावल ने कविता प्रस्तुत की।

व्याख्यानमाला का आयोजन

विक्रम विश्वविद्यालय हिन्दी अध्ययनशाला में बंसत पंचमी, आचार्य राममूर्ति त्रिपाठी, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला की जयंती पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। सार्वभौमिक मानव विकास संस्थान के अध्यक्ष शैलेंद्र पाराशर ने व्याख्यान दिया। इस अवसर पर प्रेमलता चुटैल, शैलेंद्र शर्मा, गीता नायक ने भी विचार व्यक्त किए। संजय बैस और जगदीश बैरागी ने कविता प्रस्तुत की। संचालन जगदीश शर्मा ने माना।

मंगलनाथ में हल्दी से शृंगार
बसंत पंचमी पर भगवान मंगलनाथ का विशेष शृंगार किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी दीप्तेश दुबे ने बताया कि भगवान का हल्दी से विशेष शृंगार कर पीले-लाल पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर हजारों भक्तों ने भगवान के दर्शन किए।

सांदीपनि आश्रम में सरस्वती पूजन
भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली महर्षि सांदीपनि आश्रम में बसंत पंचमी के पर्व पर मां सरस्वती का पूजन किया गया। मुख्य पुजारी पं. रूपम व्यास ने बताया कि भगवान का पीताम्बर स्वरूप में शृंगार किया गया। मीठे पीले भात (केशरिया चावल) का भोग लगाया गया।

विद्या की देवी सरस्वती का पूजन
बसंत पंचमी पर ज्ञान की देवी का आशीर्वाद पाने के लिए विद्यार्थी और कलाकारों द्वारा सरस्वती का पूजन किया गया। माघ शुक्ल पंचमी तिथि को अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इस अवसर पर अनेक देवकार्य, मंगलकार्य संपन्न हुए।

बसंत पंचमी पर सामूहिक विवाह सम्मेलन
बंसत पंचमी के अवसर पर सोमवार को यादव समाज और सर्वधम संगठन की ओर से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। श्रीकृष्ण पारमार्थिक ट्रस्ट और यादव महासभा की ओर से भूखी माता रोड स्थित श्रीकृष्ण आश्रम में यादव समाज के सामूहिक विवाह समारोह में १० जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इसी प्रकार नि:शुल्क सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह में २६ जोड़ो का विवाह संपन्न हुआ।

परिणय सूत्र में बंधे

यादव समाज के मीडिया प्रभारी राहुल यादव ने बताया कि सम्मेलन में परिणय सूत्र में बंधे जोड़ों को गृहस्थी के समान के अलावा अन्य उपहार दिए गए। यादव महासभा अध्यक्ष नारायण यादव ने बताया की पिछले कई वर्षों से समाज के लोगों के लिए यहां सामूहिक सम्मलेन आयोजित किया जाता है, ताकि जो लोग निर्धन है उनके बच्चों का भी विवाह धूमधाम से हो। इस अवसर प्रहलाद यादव, प्रेमसिंह यादव, नारायण यादव, प्रहलाद यादव, नंदकिशोर यादव पटवारी, श्याम यादव, जमनालाल यादव, आरआर यादव, मदन यादव, हरिसिंह यादव, कैलाश यादव, बहादुरसिंह यादव, देशराज यादव, रमेश यादव, ओम यादव मौजूद थे।