
Ujjain News: महाकाल मंदिर में दीपावली-धनतेरस साथ-साथ, रूप चतुर्दशी से शुरू होगी गरम जल से स्नान की परंपरा
उज्जैन. राजाधिराज भगवान महाकाल के आंगन में कार्तिक अमावस्या से एक दिन पूर्व दीपपर्व मनाए जाने की परंपरा है। इस बार रूप चतुर्दशी और अमावस्या एक ही दिन 27 अक्टूबर है, इसलिए इसी दिन मंदिर में दीपावली मनाई जाएगी। वर्षों बाद ऐसा संयोग बन रहा है, जब प्रजा राजा के साथ रूप चौदस और दीपावली एक साथ मनाएगी। मंदिर में शनिवार को धनतेरस मनाई जाएगी।
भस्म आरती में दिवाली
परंपरानुसार भगवान महाकाल मंदिर में चतुर्दशी के दिन तड़के भस्म आरती में दिवाली मनाई जाती है। पं. महेश पुजारी के अनुसार 27 अक्टूबर को तड़के ४ बजे भगवान को गरम जल से स्नान कराने का क्रम शुरू होगा। यह क्रम फाल्गुन मास की पूर्णिमा तक चलेगा। सबसे पहले पुजारी परिवार द्वारा भगवान को केसर, चंदन से निर्मित उबटन लगाया जाएगा। इसके बाद भगवान को सुगंधित द्रव्यों से अभ्यंग स्नान कराया जाएगा। सोने-चांदी के आभूषण धारण कराने के बाद नवीन वस्त्र पहनाए जाएंगे। इसके पश्चात अन्नकूट लगाकर फूलझड़ी से आरती होगी। महाकाल में देव दीवाली देखने के लिए बड़ी तादात में भक्त उमड़ेंगे। शाम को संध्या आरती के समय भी अनार-चकरी से दीपावली मनेगी।
मंदिर में 26 को मनेगी धनतेरस
महाकाल मंदिर में 26 अक्टूबर से दीपपर्व की शुरुआत होगी। इस बार 25 और 26 दोनों दिन त्रयोदशी का योग बन रहा है। महाकालेश्वर पुरोहित समिति के अध्यक्ष पं. अशोक शर्मा के अनुसार समिति द्वारा 26 अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे धन त्रयोदशी मनाई जाएगी। आईजी अजीतकुमार, कलेक्टर शशांक मिश्र, मंदिर प्रशासक एसएस रावत आदि द्वारा भगवान महाकाल का अभिषेक पूजन किया जाएगा। पुरोहित समिति की ओर से अतिथियों को भगवान महाकाल के चांदी के सिक्के भेंट किए जाएंगे। 27 अक्टूबर को दीपावली मनाई जाएगी, तथा उसके बाद 28 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा के साथ चिंतामण स्थित मंदिर की गोशाला में गायों का पूजन होगा।
इस्कॉन में 28 को दीप पर्व, 29 को गोवर्धन पूजा
भरतपुरी स्थित इस्कॉन मंदिर में दीपावली और गोवर्धन पूजा अन्नकूट महोत्सव के साथ संपन्न होगा। पीआरओ राघव पंडितदास ने बताया 28 अक्टूबर को दीप प्रज्जवलन के साथ दीपावली उत्सव मनाया जाएगा। शाम 7 बजे दीपदान और दामोदर अष्टक का पाठ होगा। 29 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा होगी। भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजन, छप्पन भोग भेंट कर पकवानों से ही गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया जाएगा, जो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। सुबह 9 बजे गौ पूजा होगी। दोपहर 12 बजे महाआरती की जाएगी।
Published on:
26 Oct 2019 07:04 am
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
