
सबसे ज्यादा मनमानी भस्मारती के समय पर
उज्जैन में श्री महाकाल लोक शुरू होने के बाद बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देख ऑटो रिक्शा चालकों ने मनमानी शुरू कर दी। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं से 2 और 3 किलोमीटर तक के 100 और 200 रुपए तक किराया वसूला जा रहा है। सबसे ज्यादा मनमानी भस्मारती के समय पर हो रही है।
मनमानी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने किराया तय कर दिया और आरटीओ ने किराया सूची भी जारी की। इसके अनुसार पहले एक किलोमीटर के 20 रुपए और इसके बाद प्रत्येक किमी के 10 रुपए लिए जा सकते हैं। इसके लिए अभियान चला शहर के ऑटो रिक्शा में मीटर लगवाए परंतु ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी नहीं रुकी। अब भी श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। पत्रिका ने जायजा लिया तो ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी सामने आई।
मुम्बई से आए श्रद्धालु से कहा- आपके यहां रेट तय है, हमारे यहां नहीं
मुम्बई से अवंतिका एक्सप्रेस से उज्जैन पहुंचे श्रद्धालु मिलिंद लाड ने रेलवे स्टेशन से ऑटो रिक्शा लिया। वह मीटर देख, बगैर किराया पूछे महाकाल मंदिर जाने को बैठ गए। कुछ दूर चलने के बाद उन्होंने मीटर चालू करने को कहा तो ऑटो रिक्शा चालक बोला कि हमारे यहां मीटर से ऑटो रिक्शा नहीं चलते। महाकाल जाने के 100 रुपए लगेंगे। मिलिंद ने पत्रिका रिपोर्टर को बताया कि यहां ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी है।
देवासगेट से कालभैरव के 400 रुपए, भस्मारती के समय सबसे ज्यादा लूट
धार से महाकाल दर्शन करने आए बृजकिशोर शर्मा महाकाल लोक के पास ऑटो रिक्शा से उतरे। ऑटो रिक्शा चालक ने उनसे 150 रुपए लिए तो श्रद्धालु और चालक में बहस हो गई। उन्होंने कहा कि जितनी दूर तुम लेकर आए, उस दूरी का इतना किराया नहीं हो सकता। दर्शनार्थी ने विरोध किया तो अन्य ऑटो रिक्शा चालक भी पहुंच गए और श्रद्धालु से अभद्रता की। आखिर बृजकिशोर ने 110 रुपए दिए और पीछा छुड़ाया।
वहीं एक श्रद्धालु से जानकारी लगी कि वे देवासगेट से काल भैरव का 400 रुपए किराया दिया। रात 2.30 बजे रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर का किराया 200 रुपए तक भुगतना पड़ते हैं।
ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी रोकने के लिए प्रशासन भले दावे करे और मीटर लगवाए लेकिन सख्ती से नियम पालन नहीं करवाए। ऑटो रिक्शा चालकों ने अब तक ड्रेस कोड, नेमप्लेट, मोबाइल नंबर और किराया सूची चस्पा करने का नियम पालन नहीं किया है। इन नियमों की धज्जियां उड़ाते आसानी से देखा जा सकता है। नियम पालन के लिए शहर में पांच प्रीपेड बूथ बनना थे, परंतु नहीं शुरू हुए। प्रशासन का रवैया लापरवाही भरा नजर आता है। घटना-दुर्घटना के बाद लोग जिम्मेदार जागते हैं।
आरटीओ ने ये तय किए नियम
ऑटो रिक्शा चालक पहले एक किलोमीटर का 20 रुपए किराया और इसके बाद प्रत्येक किमी के लिए 10 रुपए ले सकते हैं।
किराया सूची ऑटो रिक्शा में चस्पा करना अनिवार्य है।
ऑटो रिक्शा चालक का चरित्र सत्यापन और सारे दस्तावेज जरूरी है।
खाकी वर्दी के साथ मोबाइल नंबर और नेम प्लेट लगाना अनिवार्य है।
लोक परिवहन के वाहन में यातायात और पुलिस कंट्रोल रूम के फोन नंबर होना चाहिए।
यात्रियों से अच्छा व्यवहार करना है, नहीं तो परमिट निरस्त हो सकता है।
Updated on:
02 Dec 2023 03:04 pm
Published on:
02 Dec 2023 03:02 pm
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
