
disease,poor,Ujjain,subsidies,nagda,
नागदा. समीपस्थ गांव रूपेटा का एक गरीब परिवार अपनी 9 साल की बेटी शिवानी के इलाज कराने के लिए शहर दर शहर भटक रहा है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण शिवानी को उपचार नहीं मिल पा रहा और वह दिन ब दिन कमजोर और लाचार हो रही है। लेकिन बुधवार का दिन मासूम शिवानी एवं उसके माता-पिता के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है। दरअसल शिवानी पिछले 3 साल से जुवेनाइल डर्मेटोमायोसिस नामक बीमारी से पीडि़त है जिसके कारण उसके हाथ पांव ने काम करना बंद कर दिया और वह लगातार कमजोर हो रही है।
शिवानी के पिता महेशपुरी और माता सपना ने अपनी बेटी के इलाज की हर सभंव कोशिश की लेकिन गरीबी के चलते शिवानी का इलाज अब संभव होता नजर नहीं आ रहा था। यहां तक कि अपनी बेटी के इलाज के लिए दोनों माता-पिता ने प्रशासनिक मदद के भी प्रयास किए लेकिन कहीं से भी कोई उम्मीद की किरण नजर नहीं आई। ऐसे में नागदा एसडीएम आरपी वर्मा शिवानी और उसके परिवार के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आए है। एसडीएम वर्मा ने बुधवार को शिवानी को अपने कार्यालय बुलाकर उसके माता पिता को उसका पूरा इलाज कराने का भरोसा ही नहीं दिया बल्कि त्वरित इलाज के लिए ग्रेसिम उद्योग से पांच हजार रुपए की आर्थिक मदद दिलवाई है। इसके अलावा ग्रेसिम के पीआरओ संजय व्यास ने बालिका की फिजियोथेरेपी जनसेवा अस्पताल में नि:शुल्क कराने एवं उसकी दवाईयों का इंतजाम करने की बात भी कही है। इसके पूर्व शासकीय अस्पताल के बीएमओ डॉ संजीव कुमरावत ने शिवानी का मेडिकल परिक्षण किया और आश्वत किया है कि शिवानी को विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार करवाया जाए तो वह ठीक हो सकती है। डॉ. कुमरावत की पहल पर अस्पताल से शिवानी को चलने फिरने के लिए एक व्हील चेयर भी उपलब्ध करवाई गई है। वही एसडीएम वर्मा ने रेडक्रॉस एवं अपनी जेब से शिवानी का उपचार कराने की बात उसके माता-पिता से कही है।
शिवानी की बीमारी की जानकारी लगी थी। उसके माता-पिता को बुलाकर आश्वस्त किया गया है कि उसका उपचार करवाया जाएगा। इसके लिए ग्रेसिम उद्योग की भी मदद ली जाएगी। भरोसा है कि वह जल्द ही स्वस्थ्य हो जाएगी।
आरपी वर्मा, एसडीएम नागदा
-------
नई पुलिस कॉलोनी का होगा निर्माण
नागदा. शहर में नई पुलिस कॉलोनी का जल्द निर्माण हो सकेगा। योजना अनुसार मंडी थाने के पीछे नई पुलिस कॉलोनी निर्माण किया जाना सुनिश्चित किया है। पहले फेज में बुधवार को पुलिस हाऊसिंग के सब इंजीनियर विशाल सूर्यवंशी और अस्सिटेंट इंजीनियर ने एएसपी अंतरसिंह कनेश के साथ जमीन और पुरानी पुलिस कॉलोनी का निरीक्षण किया। निर्माण से पहले जमीन का सीमंाकन कराएंगे। इंजीनियर एसपी व आइजी को रिपोर्ट भेजेंगे। जिसके बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। मंडी पुलिस थाने के पीछे दशहरा मैदान स्थित है। जहां पर रावण दहन का कार्यक्रम व्यापक स्तर पर होता है। ऐसे में अब कुछ लोगों ने आपत्ति ली है कि यह जमीन पुलिस की नहीं है। यह विवाद लंबे समय से चल रहा है। इसलिए ये माना जा सकता है कि इसी विवाद के कारण इतने सालों से पुलिस कॉलोनी का निर्माण नहीं हुआ। मिली जानकारी के अनुसार इंजीनियरों के निरीक्षण से पहले टीआइ ने जमीन का रिकॉर्ड भी तहसील कार्यालय से मंगवा लिया। जिसमें भी उल्लेख है कि थाने के पीछे की कुछ जमीन पुलिस विभाग की है। एएसपी ने इंजीनियरों को पुरानी पुलिस कॉलोनी का भी निरीक्षण करवाया। जर्जर भवनों की स्थिति देख इंजीनियरों ने स्पष्ट किया कि भवनों की स्थिति देख इन्हें डिस्मेंटल करना होंगे।
Published on:
04 Apr 2019 08:02 am
