नए साल में शुरू होने जा रहे नागझिरी नए थाने के खुलने से पाइप फैक्टरी के आसपास के एरिया समेत दो किलोमीटर के दायरे में आने वाली 40 कॉलोनियों को सुरक्षा मिलेगी।
उज्जैन. नए साल में शुरू होने जा रहे नागझिरी नए थाने के खुलने से पाइप फैक्टरी के आसपास के एरिया समेत दो किलोमीटर के दायरे में आने वाली 40 कॉलोनियों को सुरक्षा मिलेगी। साथ ही नानाखेड़ा, नरवर व माधवनगर थाने का भी कुछ हिस्सा नए थाने में शामिल होने से उक्त थानों को कुछ हद तक राहत मिलेगी। नागझिरी थाने के लिए एसपी ने 35 पुलिसकर्मियों का बल स्वीकृत कर दिया है।
कुछ दिन बाद शुरू हो जाएगा
देवासरोड पर नागझिरी-हामूखेड़ी मार्ग पर नागझिरी थाना कुछ दिन बाद शुरू हो जाएगा। सारी तैयारी हो गई है, एसपी एमएस वर्मा ने बताया कि बहुत कुछ फाइनल हो गया है। दो-तीन दिन में और स्थिति साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से नया थाना पाइप फैक्टरी के आसपास के एरिया को कवर तो करेगा, साथ ही देवास-मक्सी आउटर रिंग भी उसमें शामिल होने से और बेहतर पेट्रोलिंग होगी।
नए थाने की जद में यह क्षेत्र
नागझिरी पाइप फैक्टरी के आसपास की कॉलोनियां, हामूखेड़ी, अभिलाषा कॉलोनी, हवाई पट्टी रोड, शिवांश सिटी, मक्सी रोड रेलवे क्रॉसिंग, साईंबाग, साईं विहार, अंजूश्री, महाशक्तिनगर, नागझिरी लाइन सहित अन्य क्षेत्र रहेंगे।
यह मिलेगा लाभ
- नया थाना नजदीक होने से त्वरित मद्द मिलेगी।
- लोगों को कोई शिकायत है तो चंद मिनट में पहुंचेंगे।
- नई सुनसान कॉलोनियों में नियमित गश्त होगी।
- आउटर रिंग पर नियमित पेट्रोलिंग से लूट व कटिंग की घटना रुकेंगी।
देवास रोड, इंदौर रोड व मक्सी रोड पर कई नई कॉलोनियां विकसित हो गई हैं। नए होटल, ढाबे व रिसोर्ट खुल गए। क्षेत्रों का विस्तार होने से चोरी, वाहनों से कटिंग व लूटपाट जैसी घटनाओं में पुलिस को भी पहुंचने में समय लगता है व फरियादी को भी रिपोर्ट लिखवाने के लिए नानाखेड़ा व माधवनगर, नरवर थाने जाना पड़ता था। थाने दूर होने से लोगों को परेशानी आ रही थी। इसी को ध्यान में रख नया थाना प्रस्तावित हुआ, जिसकी नए साल के जनवरी माह में शुरुआत होने जा रही है।
तीन थाने लगे दूर वाले क्षेत्र को देने में
माधवनगर, नानाखेड़ा व नरवर थाना के अधिकारी नक्शा देख अपने एरिया में दूर पडऩे वाले क्षेत्र को नए थाने को देने के लिए लिस्ट तैयार कर रहे हैं। सीमांकन कार्य चल रहा है। सोमवार को नानाखेड़ा टीआई विवेक गुप्ता भी स्टाफ के साथ इसी में जुटे थे।