24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

video शनिश्चरी अमावस्या: संगम पर आस्था का स्नान, रात से शुरू दान-पुण्य का सिलसिला

शनिश्चरी अमावस्या पर शनिवार को इंदौर रोड स्थित शनि मंदिर और शिप्रा त्रिवेणी संगम पर आस्था को मेला लगा।

2 min read
Google source verification
patrika

shani amavasya,Shani dev temple ujjain,Shani Dev Poojan,

उज्जैन. शनिश्चरी अमावस्या पर शनिवार को इंदौर रोड स्थित शनि मंदिर और शिप्रा त्रिवेणी संगम पर आस्था को मेला लगा। इसके पहले ही शुक्रवार मध्यरात्रि को अनेक श्रद्धालुओं ने शिप्रा में स्नान प्रारंभ कर दिया था। ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में अनेक ग्रामीणों ने रात में ही शनि मंदिर पर डेरा जमा दिया था।

30 वर्ष बाद शोभन योग में शनिश्चरी
शनिश्चरी अमावस्या ३० वर्षों बाद शोभन योग में है। यह दान-पुण्य से लेकर कार्य सिद्धि के लिए आध्यात्मिक संकल्प के लिए शुभ मानी जा रही है। त्रिवेणी घाट पर अमावस्या के स्नान को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। शनिवार को अमावस्या पर हजारों श्रद्धालु सलीला शिप्रा नदी में स्नान कर पुण्य लाभ ले रहे हैं।

संगम पर फव्वारे से नहान
शनि अमावस्या पर शनिवार को इंदौर रोड पर प्राचीन नवग्रह शनि मंदिर त्रिवेणी संगम पर नहान के लिए हजारों लोग उमड़े। स्नान के लिए प्रशासन ने घाट पर फव्वारे की व्यवस्था की है। अगहन मास में शनिवार के दिन संयोग से अमावस्या तिथि आने पर यह पर्वकाल कहलाता है।

शनि पूजा, दान-पुण्य का सिलसिला
अमावस्या पर तीर्थ क्षेत्र में जाकर दान-पुण्य, शनि पूजा और स्नान का अधिक महत्व होता है, इसलिए शनि अमावस्या पर दिनभर यहां हजारों लोग उमड़े। शिप्रा के रामघाट पर भी लोगों ने स्नान किया। अमावस्या का मुख्य नहान शनि मंदिर त्रिवेणी संगम पर होता है। लोग शनिदेव को तेल चढ़ाकर पनौती के रूप में पुराने वस्त्र और जूते-चप्पल भी छोड़ रहे हैं।

स्नान और दर्शन की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के स्नान एवं शनि मन्दिर में दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इंदौर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन एवं उज्जैन से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की अलग- अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। स्नान एवं शनि मन्दिर में दर्शन के लिये बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। घाटों पर कपड़े बदलने की महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग- अलग व्यवस्था की गई है। छह बिस्तरों का अस्थाई अस्पताल बनाया गया है।

संपूर्ण क्षेत्र में 18 सीसीटीवी कैमरे
सम्पूर्ण क्षेत्र पर नजर रखने के लिए 18 सीसीटीवी कैमरे और चार बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। अलग-अलग विभागों के लगभग 200 अधिकारी- कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

बसें और ट्रेनें फुल
शनिश्चरी अमावस्या पर शहर आने वाले यात्रियों के चलते रात को आने वाली अधिकांश ट्रेनें फुल रहीं। यही स्थिति बसों की भी रही। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली बसों में भारी भीड़ देखी गई। इसके साथ ही शहर के भीतरी मार्गों पर चलने वाली मैजिक-ऑटो वालों की चांदी रही।