
उज्जैन पुलिस को भनक तक नहीं लगी और यूपी हाउस में अभिनेत्री से यौन शोषण के आरोपी राजवर्धन को किया गिरफ्तार
उज्जैन. महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवर्धन सिंह परमार को दिल्ली की चाणक्यपुरी पुलिस ने उज्जैन से गिरफ्तार किया है। हालांकि उज्जैन पुलिस के अनुसार उन्हें जानकारी दिए बगैर ही कार्रवाई की गई। बुधवार सुबह चाणक्यपुरी पुलिस ने इंदिरानगर और महाकाल क्षेत्र में दबिश देकर राजवर्धन सिंह को गिरफ्तार किया। दोपहर में पुलिस उसे अपने साथ दिल्ली ले गई।
राजवर्धन सिंह परमार के खिलाफ दिल्ली में रहने वाली सी ग्रेड एक्टर ने चाणक्यपुरी थाने में 27 मई को शिकायत की थी कि 26 मई की दोपहर राजवर्धन सिंह उसे यूपी हाउस के रूम नंबर 122 में दो नेताओं से मिलाने ले गया था। जहां उसने शोषण किया और तभी से आरोपी फरार था। जानकारी लगी है, पुलिस आरोपी के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज करेगी। इस मामले के सामने आने के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्शन ले पात्रता नहीं रखने के बाद भी राजवर्धन को यूपी हाउस में रूम देने वाले अधिकारी दिनेश कुमार सहित रिसेप्शनिस्ट पारसनाथ और राकेश सिंह को हटा दिया था।
अजमेर दरगाह को मंदिर बताने पर आया था सुर्खियों में
महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवर्धन सिंह ने जून 2022 में अजमेर स्थित सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह को हिंदू मंदिर बताया था। इस मामले में राजवर्धन के खिलाफ अजमेर की दरगाह थाना पुलिस ने धार्मिक भावना भड़काने का केस दर्ज किया था।
गैंगस्टर विकास दुबे भी उज्जैन से पकड़ाया था
पिछले कुछ समय से उज्जैन अपराधियों के छिपने की मनपंसद जगह बनी हुई है। जुलाई 2020 में भी 8 पुलिस कर्मियों की हत्या करने वाला गैंगस्टर विकास दुबे उज्जैन के महाकाल मंदिर से पकड़ाया था। इसके अलावा साल 2021 में भी दिल्ली और महाराष्ट्र में अपराध कर भागे बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार कर ले गई। हाल ही में राजस्थान पुलिस ने भी हत्या के फरार आरोपी को उज्जैन के महाकाल क्षेत्र से पकड़ा था। अब यौन शोषण के आरोप में फरार राजवर्धन भी उज्जैन के महाकाल क्षेत्र से पकड़ मेंं आया है। सुबह दिल्ली की चाणक्यपुरी पुलिस को उसकी लोकेशन इंदिरा नगर और बाद में महाकाल की मिली थी। जिसे नृसिंह घाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
हमें जानकारी नहीं
हमें राजवर्धनसिंह की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है। अगर आरोपी को 24 घंटे में कोर्ट में पेश करने के आर्डर हैं तो बगैर स्थानीय पुलिस को सूचना दिए इस तरह की कार्रवाई हो सकती है।
सचिन शर्मा, एसपी
Published on:
01 Jun 2023 02:22 am
बड़ी खबरें
View Allउज्जैन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
