आदि शंकराचार्य की प्रतिमा निर्माण के लिए १९ को महाकाल से प्रारंभ होगी यात्रा, बैठक में कार्ययोजना पर हुआ विचार
उज्जैन. आदि शंकराचार्य की प्रतिमा निर्माण को लेकर धातु संग्रहण व जनजागरण अभियान के लिए १९ दिसंबर से रामघाट पर एकात्म यात्रा प्रारंभ होगी। शुभारंभ के दिन रामघाट पर शिप्रा की महाआरती व मलखंभ का आयोजन भी होगा। इससे पूर्व यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए अन्य विभिन्न आयोजन होंगे।
यात्रा की तैयारी को लेकर मंगलवार को सर्किट हाउस पर मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में बताया गया जन जागरण अभियान के लिए यात्रा 19 दिसम्बर से उज्जैन के अलावा ओंकारेश्वर, रीवा व अमरकंटक से एकसाथ प्रारम्भ होगी। जिले से प्रारम्भ होने वाली यात्रा इन्दौर, देवास, राजगढ, गुना, अशोक नगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया होते हुए ओंकारेश्वर पहुंचेगी। यात्रा 12 जिलों में 2 हजार 175 किलो मीटर दूरी तय कर 21 जनवरी को ओंकारेश्वर पहुंचेगी। यात्रा सुबह 11 बजे महाकालेश्वर मन्दिर से प्रारम्भ होगी जो जिले में २१ दिसंबर तक भ्रमण करेगी। इस अवसर पर रामघाट पर दोपहर 3 बजे जन संवाद कार्यक्रम भी होगा। 9 दिसम्बर को आयोजन समिति की वृहद बैठक की जाएगी।
५०० बटुक करेंगे श्लोक पाठ
यात्रा को लेकर वातावरण निर्माण के लिए जिले में 12 व 13 दिसम्बर को सुबह रामघाट पर 500 बटुक आदि शंकराचार्य के श्लोक का पाठ करेंगे। 10 दिसम्बर को दशहरा मैदान पर आदिशंकराचार्य पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी व 19 दिसम्बर को रामघाट पर मल्लखंब और शिप्रा आरती का वृहद कार्यक्रम होगा। यात्रा में धातु संग्रहण पूर्ण रूप से सांकेतिक रहेगा। इसमें ग्राम पंचायतों से तांबा, पीतल व अन्य धातु के कलश में गांव की मिट्टी एकत्रित की जाएगी। एकात्म यात्रा में लोहा और सोना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उक्त पात्र यात्रा समापन पर खंडवा जिले के जिला कलेक्टर को सौंपे जाएंगे।
मौनी बाबा को १०८वां जन्मोत्सव १२ से
उज्जैन. मौन तीर्थ द्वारा मौनी बाबा का १०८वां जन्मोत्सव १२ दिसंबर से मनाया जाएगा। ३ दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत देश के सुप्रसिद्ध कलाकार कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे। इस दौरान सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। १२ दिसंबर को सुबह ७.३० बजे दीप प्रज्जवलन के साथ महोत्सव प्रारंभ होगा। सांदीपनि कृष्ण पुरस्कार सतीश माहेश्वरी उज्जैन एवं अर्जुन परमार बडऩगर को प्रदान किया जाएगा। मौन तीर्थ कला साधक सम्मान माधव तिवारी, अर्चना तिवारी एवं पं. उमेश भट्ट को प्रदान किया जाएगा। संतुर वादक अमजद अली खान, अमान अली एवं अयान अली प्रस्तुति देंगे। १३ दिसंबर को ७.३० बजे दीप प्रज्जवलन किया जाएगा।इस दिन मानस श्री सम्मान जोधपुर की आकांक्षा यादव एवं गौरखपुर के आचार्य हरिहर त्रिपाठी को प्रदान किया जाएगा। शाम को विशाल कृष्ण कथक नृत्य एवं पं. संदीप मिश्रा द्वारा सारंगी की प्रस्तुति दी जाएगी। १४ दिसंबर को विदुषी विद्योत्तमा स्त्री शक्ति सम्मान से बुलंद शहर की रजनी सिंह एवं राष्ट्र विभुति जटायु सम्मान से गुना के विजय उप्पल को सम्मानित किया जाएगा। शाम को वडाली ब्रदर्स का सूफी गायन एवं सौरभ-गौरव की कथक की प्रस्तुति होगी।